March 31, 2023

गुना में किसान पर पुलिस की बर्बरता

मप्र के गुना शहर के जगनपुर में आदर्श कॉलेज के लिए स्वीकृत जमीन से मंगलवार को कब्जा हटाने के दौरान दंपती के कीटनाशक पीने और इनके स्वजनों पर पुलिस के लाठीचार्ज का मामला बुधवार को तूल पकड़ गया। ट्विटर पर एमपी कांग्रेस की ओर से मासूम बच्चों के बिलखते हुए फोटो के साथ इसे जंगलराज की लज्जित तस्वीर बताया गया। कांग्रेस नेता राहुल गाँधी, प्रियंका गाँधी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कमलनाथ ने भी मामले में सवाल खड़े किए हैं।

पुलिस की बर्बर कार्रवाई को गंभीरता से लेते हुए राज्य शासन ने देर रात ग्वालियर रेंज के आइजी राजाबाबू सिंह, गुना के कलेक्टर एस. विश्वनाथन और पुलिस अधीक्षक तरुण नायक को तत्काल प्रभाव से हटा दिया। आइजी पुलिस मुख्यालय में पदस्थ अविनाश शर्मा को ग्वालियर रेंज का नया आइजी व 26 वीं वाहिनी गुना के सेनानी राजेश कुमार सिंह को नया एसपी बनाया गया है।

घटना के बाद राजकुमार अहिरवार व उसकी पत्नी सावित्रीबाई ने कीटनाशक पी लिया। अतिक्रामक अस्पताल जाने से इन्कार कर रहे थे। मुख्य अतिक्रामक गब्बू पारदी की ओर से राजकुमार व सावित्री बाई के अतिरिक्त अन्य लोगों को भी, जिनमें बच्चे भी शामिल हो सकते थे कीटनाशक पीने के लिए उकसाया जा रहा था तथा अस्पताल ले जाने से इन्कार किया जा रहा था। इससे जन हानि की संभावना बन रही थी ऐसे में कानून और व्यवस्था की गंभीर स्थिति व जनहानि रोकने के उद्देश्य से सख्ती से स्थल से हटाया गया। वर्तमान में राजकुमार व सावित्री बाई की स्थिति में अपेक्षाकृत सुधार हुआ है।