June 6, 2023

एक दिन में कोरोना के 45,720 नए केस, कुल आँकड़ा 12 लाख के पार

भारत में कोरोना वायरस के कुल मामले 12, 38,635 हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, देश में फिलहाल 4,26,167 एक्टिव केस हैं, 7,82,606 लोग डिस्चार्ज हो गए हैं और 29,861 लोगों की मौत हो चुकी है।

भारत में कोविड-19 के 12 लाख से ज्यादा केस हो गए हैं। बुधवार को कोरोना वायरस के अब तक के सबसे ज्यादा मामले आए। 24 घंटे में 45,720 नए मरीज मिले हैं और 1129 मरीजों की जान गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा जानकारी के मुताबिक, देश में अभी कोरोना के 12 लाख 38 हजार 635 कंफर्म केस हैं। इनमें से 4 लाख 26 हजार 167 एक्टिव केस हैं। कोरोना से अब तक 29 हजार 861 मरीजों की जान गई है। वहीं, अब तक 7 लाख 82 हजार 606 मरीज रिकवर हो गए हैं।

Deadly Virus Carried by Bats Hits India, Raising Fears It Will ...
प्रतीकात्मक फ़ोटो

महाराष्ट्र में बुधवार को 10 हजार से ज्यादा केस आए हैं। पुणे में सबसे ज्यादा 3606, जबकि मुंबई में 1310 नए मामले सामने आए। पुणे में अब 63,351 और मुंबई में 1 लाख 4 हजार 678 मरीज मिल चुके हैं। सांगली में 22 जुलाई की रात 10 बजे से 30 जुलाई तक लॉकडाउन लगाया गया है। वहीं, यूपी में कोरोना संक्रमितों के बढ़ने का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जुलाई महीने के अब तक के 22 दिनों में 32677 रोगी मिल चुके हैं। छह मार्च से 30 जून तक प्रदेश में सिर्फ 23,070 मरीज ही मिले थे।

भारत दुनिया का तीसरा सबसे प्रभावित देश

कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का तीसरा सबसे प्रभावित देश है। अगर प्रति 10 लाख आबादी पर संक्रमित मामलों और मृत्युदर की बात करें तो अन्य देशों की तुलना में भारत की स्थिति बहुत बेहतर है। भारत से अधिक मामले अमेरिका (4,100,875), ब्राजील (2,231,871) में हैं। देश में कोरोना मामले बढ़ने की रफ्तार भी दुनिया में दूसरे/तीसरे नंबर पर बनी हुई है।