May 28, 2023

सांसद प्रज्ञा ठाकुर को फिर जान से मारने की धमकी मिली

  • भोपाल सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को अनजान नंबर से कॉल कर धमकी देने का मामला सामने आया।
  • इस मामले में सांसद ठाकुर ने भोपाल के कमला नगर थाने में केस दर्ज करवाया है।

भोपाल से सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को अनजान नंबर से कॉल कर धमकी दी गई है। मामले में सांसद ने भोपाल के कमला नगर थाने में केस दर्ज करवाया है। पुलिस की साइबर सेल ने मोबाइल नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी। सांसद का कहना है कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर दिए गए बयान के बाद धमकी दी गई। फोन करने वाले ने भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं को लेकर भी अभद्र भाषा में टिप्पणी की।

प्रज्ञा ने कहा कि अभी उन्होंने कानून के दायरे में रहकर मामले की शिकायत की है। लेकिन जब इस तरह के लोग सामने आएंगे तो उनसे उसी तरह निपटा जाएगा। ऐसे विधर्मी लोगों से अच्छी तरह से निपटा जाएगा। प्रज्ञा ने कहा कि वो राष्ट्रभक्त हैं और देश पर कुर्बान होने के लिए तैयार हैं। लेकिन जिसने भी धमकी दी है, अगर वह सामने आ जाए तो उसे भी समझ में आ जाएगा कि उसकी असली औकात क्या है। यह कायर लोग हैं जो पीठ पीछे वार करते हैं, सामने नहीं आते। अगर धमकी देने वाले में दम है तो अपना सही नंबर बताए। उसको हम उठवा लेंगे और बता देंगे कि उसकी असली औकात क्या है।

MP: Pragya Thakur visits constituency after four months on Yoga ...
भोपाल सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर – फ़ाइल फ़ोटो

राफेल का विरोध करने वाले देश विरोधी ही हो सकते हैं

प्रज्ञा ने राफेल को लेकर दिग्विजय सिंह के ट्वीट पर कहा कि ऐसे लोग जो दुश्मन देश की भाषा बोलते हैं, उन्हें राष्ट्र भक्त तो नहीं कहा जा सकता, वह राष्ट्र विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि राफेल-राफेल करके राहुल गांधी ने अपना सत्यानाश करवा लिया। राफेल आएगा और देश की रक्षा मजबूत होगी। इसका विरोध करने वाले देश विरोधी ही हो सकते हैं। क्योंकि जब देश मजबूत होता है तो तिलमिलाहट देश विरोधियों को होती है। दुश्मन देशों के पक्ष में बोलने वाले लोग अपने देश के लिए हितकारी नहीं है।

घर में हनुमान चालीसा का पाठ करने के लिए कहा था

प्रज्ञा ने एक बयान में कहा था कि 5 अगस्त को अयोध्या मंदिर निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी भी इसमें शामिल होंगे। इस दिन सभी लोग अपने घरों में 5 दिये जलाएं। इसके अलावा, प्रज्ञा सिंह ने कोरोना को खत्म करने के लिए 25 जुलाई से 5 अगस्त तक हर दिन शाम 7 बजे 5 बार हनुमान चालीसा का पाठ करने की अपील भी लोगों से की थी।