March 31, 2023

492 सालों के संघर्ष के बाद बुधवार को राम मंदिर का भूमि पूजन हुआ

492 सालों के संघर्ष के बाद शुभ मुहूर्त आया जब बुधवार को राम मंदिर का भूमि पूजन हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर का भूमि पूजन किया और उन्होंने इसकी आधारशिला भी रखी। इस दौरान उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास मौजूद रहे। भूमि पूजन में 9 शिलाओं का पूजन किया गया।

इसके लिए पूरी अयोध्या को सजाया गया था और राम नगरी भक्ति और उल्लास के रंग में डूबी हुई थी। हर छत पर भगवा पताका लहरा रही थी और झिलमिलाते दीपक रामलला की आगवानी को आतुर नजर आया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में देशवासियों को राम मंदिर भूमि पूजन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि सदियों का इंतजार खत्म हो गया और अब राम जन्मभूमि मुक्त हो गई। टाट की जगह अब मंदिर में रहेंगे भगवान राम। अब भगवान राम का भव्य मंदिर बनेगा। राम मंदिर भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत का द्योतक होगा।

प्रधानमंत्री ने राम मंदिर निर्माण के लिए आधारशिला का पट्टिका का अनावरण किया। उन्होंने इसके बाद भगवान राम पर डाक टिकट भी जारी किया।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने कहा कि करोड़ों-करोड़ों लोगों की इच्छा है कि रामलला का विराट मंदिर बने, जिसका शुभारंभ आज हो गया है।

RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि पूरे देश में आनंद की लहर है, सदियों की आस पूरी होने का आनंद है। भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जिस आत्मविश्वास और आत्म भान की आवश्यकता थी उस का शुभारंभ आज हो रहा है।

सबसे पहले यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबोधित किया। उन्होंने सभी अतिथियों का राम की नगरी में स्वागत किया। उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोर्ट के आदेश पर शांतिपूर्वक इस मसले का हल निकला है।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके बाद भूमि पूजन किया और मंदिर की आधारशिला रखी। इस दौरान 9 शिलाओं का पूजन किया। दुनियाभर के राम भक्तों ने 1989 में 275000 शिलाएं भेजी थी। इनमें से जय श्री राम लिखी हुई 100 शिलाओं को लिया गया।

रामलला के दर्शन किए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके बाद रामलला के दर्शन किए। उन्होंने साष्टांग दंडवत प्रमाण किया। इसके बाद उन्होंने पूजन किए। इसी के साथ इतिहास रचा गया क्योंकि अयोध्या में रामलला के दर्शन करने वाले नरेंद्र मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री बने।