September 24, 2023

भोपाल में आज 150 कोरोना संक्रमित मिले, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा अस्पताल से डिस्चार्ज

भोपाल में शुक्रवार को 150 केस नए केस मिले। वहीं नागरिक आपूर्ति निगम मुख्यालय में पदस्थ सहायक महाप्रबंधक अशोक राय की कोरोना से मौत हो गई है। वह ड्यूटी के दौरान कोरोना संक्रमित हुए थे, पॉजिटिव होने पर उन्हें एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार की रात को उनका निधन हो गया। कोरोना के कहर से दो दिन के अंदर एक एएसआई अंसार अहमद, एक होम्योपैथी डॉक्टर हेमंत वाणी और अब नागरिक आपूर्ति निगम के सहायक महाप्रबंधक की मौत हो गई।

एजीएम अशोक राय के साथी और मप्र राज्य नागरिक खाद्य आपूर्ति निगम अधिकारी संघ के अध्यक्ष गजेंद्र कोठारी ने बताया कि अशोक सर्दी-जुकाम और सांस लेने की तकलीफ के बाद 26 जुलाई को एम्स में भर्ती हुए थे। पहले उन्होंने प्राइवेट भी दिखाया था, जहां से उन्हें एम्स में भर्ती होने की सलाह दी गई है। उनकी गुरुवार को रात 10 बजे मौत हो गई। आज डेढ़ बजे उनका अंतिम संस्कार सुभाष नगर विश्राम घाट में कर दिया। गजेंद्र कोठारी ने एम्स के इलाज पर सवाल उठाते हुए कहा कि एम्स से अच्छा अस्पताल पूरे शहर और प्रदेश में नहीं है, लेकिन 12 दिन के ट्रीटमेंट में हमारे एजीएम को बचा नहीं सके। ऑक्सीजन की कमी थी तो क्या अस्पताल में उसकी व्यवस्था नहीं थी।

24 जुलाई को आखिरी बार ऑफिस आए थे एजीएम

गजेंद्र कोठारी ने बताया कि एजीएम अशोक राय का काम का आखिरी दिन 24 जुलाई यानि शुक्रवार था, उस दिन वह दफ्तर आए थे। 26 को एम्स भर्ती हुए, जहां जांच हुई तो उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। डॉक्टर ऑक्सीजन का लेवल कम बता रहे थे और बीच में एक बार प्लाज्मा देने की बात भी कही थी। उन्हें शुरू से आईसीयू में भर्ती किया गया, फिर पांच-छह दिन से वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। अभिनव होम्स अयोध्या बाईपास निवासी अशोक राय की पत्नी और दो बच्चे हैं। माता-पिता भी यहीं पर साथ रहते थे। वह करीब छह साल से भोपाल नागरिक आपूर्ति के मुख्यालय में पदस्थ थे। हेड ऑफिस में शोकसभा रखी गई, जहां पर नागरिक आपूर्ति निगम के चेयरमैन प्रद्युम्न सिंह लोधी भी गई। एमडी अभिजीत अग्रवाल भी मौजूद रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा अस्पताल से डिस्चार्ज

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को स्वस्थ होने पर चिरायु अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। उनके साथ ही भोपाल के संभागीय संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी भी डिस्चार्ज हो गए। वीडी शर्मा 10 दिन पहले कोरोना संक्रमण के चलते भर्ती हुए थे। दोनों का स्वास्थ्य बेहतर था और कोरोना का कोई लक्षण नहीं मिलने पर आज उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, “मैं पूर्णतः स्वस्थ हूं और आज अस्पताल से घर लौट आया हूं। गाइडलाइन अनुसार 7 दिन तक घर पर ही रहूंगा।

About Author