March 29, 2024

जल पुरुष राजेंद्र सिंह नदी बचाओ यात्रा में हुए शामिल, गोविंद सिंह ने कहा कि समझौता नहीं अब संघर्ष होगा

पूर्व मंत्री डॉ गोविंद सिंह के नेतृत्व में नदियों को बचाने की मुहिम चलाने के लिए आज भारत में जल पुरूष के नाम से मशहूर पर्यावरणविद राजेंद्र सिंह इस नदी बचाओ यात्रा में सम्मिलित हुए। इस मौके पर गोविंद सिंह ने कहा कि समझौता नहीं अब संघर्ष होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कहने पर ही अवैध उत्खनन हो रहा है। मुख्यमंत्री ने ही प्रशासन को आदेश दिये है कि ठेकेदार की मदद करें। प्रशासन भी इस लूट में शामिल है।

वाटर मैन राजेंद्र सिंह ने डॉ गोविंद सिंह को इस मुहिम को चलाने के लिए साधूवाद दिया और कहा कि देश के युवाओं को भी डॉ गोविंद सिंह से सीखना चाहिये।गोविंद सिंह को दलगत राजनीति से ऊपर बताते हुए राजेंद्र सिंह ने कहा कि जल है तो जीवन है। जल है तो रिश्ते हैं जल से ही हम और आप हैं। हमने हजारों गांवों की प्यास बुझायी पर कभी किसी सरकार की मदद नहीं ली। जिस प्रकार हमारे फेफड़े हमारी सांस को शुद्ध करते हैं ठीक उसी प्रकार नदियों की रेत भी नदियों के पानी को शुद्ध करती है। लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि हमें नदियों को बचाना होगा।

इस मौके पर डॉ गोविंद सिंह ने वाटर मैन राजेंद्र सिंह को महापुरूष की संज्ञा देते हुए कहा कि हम भाग्यशाली हैं कि देश दुनिया में पानी बचाने की मुहिम चलाने बाले जल पुरूष आज हमारे बीच हैं। हम सभी को उनके बताए मार्गदर्शन पर चलना होगा।और नदियों को बचाना होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को हिदायत देते हुये कहा कि अब समझौता नहीं संघर्ष होगा। आपको बता दें 5 सितंबर से शुरू हुई यह यात्रा 11 सितंबर तक चलेगी। 

About Author