April 23, 2024

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक ही दिन में सर्वाधिक 262 कोरोना संक्रमित मरीज मिले

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को एक नया रिकॉर्ड बना। एक ही दिन में सर्वाधिक 262 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। एक तरफ सीरो सर्वे चल रहा है वहीं भोपाल में रोजाना कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में इजाफा होते जा रहा है। डेढ़ माह बाद बीते सोमवार से राजभवन में फिर कोरोना संक्रमित मरीज मिलने लगे हैं। विगत सोमवार को कैटरिंग मैनेजर व एक कर्मचारी के पॉजिटिव आने के बाद बुधवार को राजभवन की सुरक्षा में लगे तीन जवान पॉजिटिव आए हैं। ये जवान ग्वालियर की 13 वीं बटालियन के बताए जा रहे है, जिन्हें यहां बैरक में ठहराया है।

बता दें कि डेढ़ महीने पहले भी यहां बैरक में ठहरे 14 वीं बटालियन के करीब दो दर्जन से अधिक जवान संक्रमित हुए थे। इसके बाद इन्हें हटाकर राजभवन में 13 वीं बटालियन के जवानों को सुरक्षा में तैनात किया था। अब इनमें भी संक्रमण फैलना शुरू हो गया है। राजभवन में कोरोना संक्रमण का पहला मरीज मोटर गैराज में काम करने वाला एक कर्मचारी था। इसके बाद धीरे-धीरे यहां संक्रमितों की संख्या बढ़ गई थी। इतना ही नहीं कंटेनमेंट एरिया बनाने के बावजूद राजभवन ने स्वयं ही कंटेनमेंट मुक्त कर लिया था। इस पर काफी विवाद की स्थिति बनी थी।

इधर, एम्स में एक पीजी डॉक्टर व कोलार में एक दर्जन लोग संक्रमित मिले हैं। वहीं मिंडोरा विलेज में भी चार लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की चांदबड़ शाखा में एक कर्मचारी पॉजिटिव आया है। वहीं कोलार की तीन कॉलोनियों में एक दर्जन से अधिक लोग पॉजिटिव आए हैं। इसे मिलाकर शहर में संक्रमितों की संख्या 12503 हो गई है। वहीं 10154 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। 314 मरीजों की अब तक कोरोना से मौत हुई है। राजधानी में 2035 संक्रमित मरीजों का उपचार चल रहा है।

About Author