April 19, 2024

पूर्व मंत्री लाखन सिंह ने भाजपा पर साधा निशाना कहा – जनता गद्दारों को नहीं करेगी बर्दाश्त।

  • पूर्व मंत्री लाखन सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा – भाजपा में पहले एक भांड था अब दो हो गए।

मध्यप्रदेश में उपचुनाव जैसै जैसे करीब आ रहा है। वैसे वैसे आरोप-प्रत्यारोप और विवादित बयान बढ़ गए हैं। इसी क्रम में रविवार को कांग्रेस नेता पूर्व मंत्री लाखन सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा में पहले एक भांड था अब दो हो गए हैं। पूर्व मंत्री लाखन सिंह ने किसी का नाम लिए बिना ही ऐसी टिप्पणी की है।

बीजेपी नेताओं द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को मेहमान बताने वाले बयान पर टिप्पणी करते हुए पूर्व मंत्री लाखन सिंह ने कहा कि- “देखिए पहले भाजपा में एक भांड था जो भांडगीरी किया करता था पूरे प्रदेश में। वहीं अब एक की जगह दो भांड हो गए हैं वो भी मल्टीपर्पज। उन्होंने जितनी भी बार ग्वालियर दौरे पर बातें की, स्पीच दी वो मैंने गंभीरता से सुनी हैं। वो क्या कहते हैं और क्या नहीं, ये सब मैं नहीं जानता। मैं बस इतना जानता हूं कि ये ग्वालियर क्षेत्र की जनता स्वाभिमानी जनता हैं। यहां की जनता गद्दारों और धोखेबाजों को बर्दाश्त नहीं करेगी। यहां 16 सीटों पर चुनाव हैं और सभी सीटें कांग्रेस पार्टी 100 परसेंट जीतेगी।”

उन्होंने कहा कि दोनों बीजेपी के नटवरलाल कितनी भी भांडगीरी कर ले लेकिन यहां की जनता तय करेगी कौन झूठा और कौन सच्चा। 

मीडिया से चर्चा में उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ 18 सितंबर को ग्वालियर दौर पर आ रहे हैं। इस दौरे पर वे रोड़ शो करेगें और दो विधानसभा के सेक्टर और मण्डल प्रभारियों के साथ कुछ खास राजनीतिक लोगों से चर्चा करेंगे।

About Author