March 29, 2024

मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के अगले मुख्य न्यायाधीश होंगे जस्टिस संजय यादव

मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के अगले मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय यादव होंगे। वे चीफ जस्टिस अजय कुमार मित्तल की जगह लेंगे। दरअसल, अजय कुमार मित्तल 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इसके बाद जस्टिस संजय यादव इस पद को संभालेंगे।

कानून और न्याय मंत्रालय ने मंगलवार को गजेट नोटीफिकेशन जारी किया। इस आदेश में कहा गया है कि मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के वरिष्ठतम जज संजय यादव, वर्तमान चीफ जस्टिस अजय कुमार मित्तल के 30 सितम्बर को सेवानिवृत्त होने के बाद, चीफ जस्टिस का प्रभार संभालेंगे।

26 जून 1959 को जन्मे संजय यादव हाईकोर्ट के वरिष्ठतम न्यायाधीश हैं। उन्हें दो मार्च 2007 को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। 15 जनवरी 2010 को स्थायी न्यायाधीश बनाए गए। संजय यादव 6 अक्टूबर से दो नवंबर 2019 तक मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश पद की भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

जबलपुर से शुरू की थी वकालत

संजय यादव जबलपुर में ही वकालत कर चुके हैं। अर्थशास्त्र से पोस्ट ग्रेजुएट करने के बाद विधि में स्नातक की उपाधि हासिल कर वे जबलपुर में ही वकालत करने लगे थे। 25 अगस्त 1986 को वे मध्यप्रदेश स्टेट बार कौंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत हुए थे। सिविल, संवैधानिक और राजस्व मामलों के अधिवक्ता के रूप में उन्होंने अपनी पहचान बनाई। वे मध्य प्रदेश शासन के उप महाधिवक्ता के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।

About Author