March 31, 2023

प्रदेश में गुरुवार को 2304 नए संक्रमित मिले, 45 लोगों ने कोरोना से गँवाई जान

कोरोना का जानलेवा संक्रमण अब डरावना हो रहा है। गुरुवार को 45 मरीजों की जान चली गई। एक दिन में मौतों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। 2304 नए संक्रमित मिले। इससे ज्यादा 2320 मरीज स्वस्थ हुए। प्रदेश में मरीजों की संख्या अब 1,15,361 पर पहुंच गई है। 90 हजार 495 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। भोपाल में 283 मरीज सामने आए। शहर में कुल मरीज मरीज 16,193 हो गए हैं। 368 की मौत हो चुकी है। उधर, दतिया के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आरके सूरी ने दम तोड़ दिया।

निजी अस्पताल को अनुमति की जरूरत नहीं

निजी अस्पतालों को कोरोना मरीजों का इलाज करने सरकारी अनुमति की जरूरत नहीं पड़ेगी। बशर्ते उनके पास पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हों। स्वास्थ्य आयुक्त डॉ. संजय गोयल ने कलेक्टर्स को निजी अस्पतालों में बिस्तर उपलब्ध को कहा है।

ऐप से मिलेगी बेड की जानकारी

सार्थक ऐप से कोविड अस्पतालों में खाली बिस्तर की जानकारी मिल सकेगी। इसका लाइट वर्जन तैयार हो चुका है। शुरू होने में करीब एक सप्ताह लगेगा। संचालन कोविड कमांड सेंटर से होगा। ऐप पर डाटा रोजाना दो बार सुबह 10 बजे और शाम 6 बजे अपडेट होगा। यदि ऐप में बेड की उपलब्धता बताई जाती है और संबंधित अस्पताल स्टाफ मरीज को भर्ती करने से मना करता है शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1075 पर भी की जा सकेगी।

एनजीटी में याचिका, मास्क, पीपीई किट का नहीं हो रहा निष्पादन

उपयोग के बाद मास्क, ग्लव्स और पीपीई किट्स खुले में फेंकने से संक्रमण और फैल रहा है। इनका वैज्ञानिक तरीके से डिस्पोजल नहीं किया जा रहा। नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच ने यह आरोप लगाते हुए नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) जबलपुर में याचिका दायर की है। इस पर एक सप्ताह में सुनवाई संभावित है।

संघों के चुनाव स्थगित

स्टेट बार काउंसिल जबलपुर ने अधिवक्ता संघों के चुनाव स्थगित कर दिए हैं। सचिव प्रशांत दुबे ने बताया, जिन संघों का कार्यकाल पूरा हो गया है, उनकी मौजूदा कार्यकारिणी अस्तित्व में बनी रहेगी