May 3, 2024

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को चूड़ियां देने जा रहीं महिलाओं को पुलिस ने रोका

  • भोपाल में दलित महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ महिलाएं सड़क पर उतरीं।
  • कांग्रेस की ओर से इस प्रदर्शन में तमाम कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

दलित लड़कियों से रेप और अत्याचार की घटनाओं को मुद्दा बनाकर कांग्रेस भाजपा सरकार के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रही है। शुक्रवार को कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग ने प्रदर्शन किया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। महिलाएं गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को चूड़िय भेंट करने रवाना हुईं, लेकिन चार इमली को जाने वाले रास्ते पर पुलिस पहले से ही बैरिकेडिंग किए थी। 5 नंबर स्टॉप पर पुलिस ने बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारी महिलाओं को रोक दिया।

इससे पहले गुरुवार को इसी मुद्दे पर कांग्रेस युवा मोर्चा ने सीएम हाउस का घेराव करने की कोशिश की थी। सीएम हाउस के लिए आगे बढ़े युवकों को मयूर पार्क के पास रोक दिया गया था। इसके बाद युवकों ने बैरिकेडिंग तोड़ कर आगे बढ़ने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया था। मध्य प्रदेश में 28 सीटों पर उप चुनाव होने वाले हैं, इसे लेकर कांग्रेस किसी भी मुद्दे को हाथ से जाने नहीं देना चाहती है।

About Author