
जबलपुर में ऑटो ड्राइवर की बेरहमी से पिटाई के मुख्य आरोपी अभिषेक दुबे उर्फ गुड़ी महाराज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शातिर बदमाश गुड़ी महाराज को जबलपुर पुलिस ने गुरुवार देर रात गिरफ्तार किया। अगले दिन पुलिस ने जबलपुर के बाजार में उसका जुलूस भी निकाला। इस दौरान पुलिस ने आरोपी से नारा भी लगवाया ‘अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है’।
पुलिस ने अभिषेक उर्फ गुड़ी महाराज पर 10 हजार का इनाम भी रखा था। खबर है कि वो नेपाल भागने की फिराक में था। लेकिन वो अपने इरादे में सफल होता उससे पहले ही पुलिस ने उसे धर दबोचा।
पुलिस ने दो दिन पहले इसी मामले में दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया था। उनके नाम अक्षय शिवहरे और मनोज दुबे हैं। पुलिस ने इन दोनों आरोपियों का भी जुलूस निकाला था। ऑटो ड्राइवर की पिटाई के इस मामले का एक अन्य आरोपी अब तक फरार है।
आपको बता दें कि रविवार को जबलपुर के आधारताल थाना इलाके के शोभापुर में एक लोडिंग ऑटो और स्कूटी में टक्कर हो गयी थी। जिससे ऑटो में लदा लोहे का सामान सड़क पर फैल गया था। जिसके बाद स्कूटी सवार लड़कियों ने अपने परिचितों को बुलाकर ऑटो ड्राइवर की बेरहमी से पिटाई करवाई थी। इन आरोपियों ने ऑटो ड्राइवर को बेहोशी की हालत में बाइक पर लाद कर घुमाया भी था। इस मामले का मुख्य आरोपी गुड़ी महाराज ही था। इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे थे, जिससे पुलिस भारी दबाव में थी।
More Stories
सुप्रीम कोर्ट ने पहलवानों की याचिका पर बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिये
सामूहिक विवाह में 200 से अधिक बेटियों का प्रेगनेंसी टेस्ट किसके आदेश पर किया गया – कमलनाथ
शिवराज का कानून व्यवस्था पर ध्यान नहीं, उन्हें खुद ही यह बात स्वीकार करनी पड़ रही है – कमलनाथ