- इंदौर के तुकागंज पुलिस थाने के इंस्पेक्टर ने एक अंग्रेजी अख़बार से कहा कि फारूकी के ख़िलाफ़ पेश किए गए दो वीडियो में से किसी में नहीं मिले सबूत।
हिन्दू देवी देवताओं के कथित अपमान के मामले में जेल में बंद स्टैंड अप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी के खिलाफ पुलिस को कोई सबूत नहीं मिला है। तुकागंज पुलिस थाने के इंस्पेक्टर कमलेश शर्मा ने एक अंग्रेजी अख़बार को बताया है कि बीजेपी विधायक के बेटे द्वारा फारूकी के खिलाफ पेश किए गए कथित सबूतों में एक भी ऐसा नहीं है, जिसके आधार पर यह कहा जा सके कि स्टैंड अप कॉमेडियन ने हिन्दू देवी देवताओं का अपमान किया है।
कमलेश शर्मा ने बताया कि उनके सामने शो से जुड़े कुल दो वीडियो पेश किए गए थे। इसमें एक अन्य कॉमेडियन को गणेश भगवान पर मज़ाक करते हुए देखा गया है। लेकिन फारूकी के खिलाफ न तो हिन्दू देवी देवताओं का अपमान करने का साक्ष्य है और न ही केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का कोई रिकॉर्ड है। मुनव्वर फारूकी के वकील अरशद वारसी ने भी मीडिया से कहा है कि उनके मुवक्किल के विरुद्ध देवी देवताओं का अपमान करने का कोई साक्ष्य नहीं मिला है और वे ज़मानत के लिए याचिका दायर करने जा रहे हैं।
इंदौर पुलिस ने बीजेपी विधायक मालिनी लक्ष्मी सिंह गौड़ के बेटे एकलव्य सिंह गौड़ के कहने पर मुनव्वर फारूकी के साथ ही चार अन्य हास्य कलाकारों को भी शुक्रवार को गिरफ्तार किया था। बीजेपी विधायक के बेटे ने मुनव्वर फारूकी पर अपने एक शो के दौरान हिन्दू देवी देवताओं का अपमान करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने सभी हास्य कलाकारों के खिलाफ आईपीसी की धारा 34, 188, 269, 298, 295-A के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
क्या है मामला
दरअसल इंदौर के 56 दुकान इलाके के एक कैफे में शुक्रवार को एक शो आयोजित किया गया था। जिसमें स्टैंड अप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी भी मौजूद थे। इसी शो के दौरान विधायक के बेटे ने मुनव्वर फारूकी पर हिन्दू देवी देवताओं के कथित अपमान और अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा दिया। विधायक के बेटे के कहने पर पुलिस ने शो को रुकवा दिया और शो में शामिल पांच हास्य कलाकारों और आयोजकों को पकड़कर थाने ले गई। विधायक का बेटा एकलव्य सिंह हिंद रक्षक नाम के किसी स्थानीय संगठन का संयोजक भी है।
More Stories
EVM के विरोध में दिल्ली में दिग्विजय हिरासत में
Narmadapuram me vikshipt nabalik ke rape se akrosh
Atithi shikshako ne khola morcha