April 19, 2024

विदिशा के सिरोंज विधानसभा क्षेत्र में मध्य प्रदेश कांग्रेस ने किया किसान सम्मलेन

विदिशा के सिरोंज विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस की ओर से विशाल किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह और यूथ कांग्रेस के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष डॉ विक्रांत भूरिया शामिल रहे। किसान सम्मलेन को संबोधित करते हुए यूथ कांग्रेस के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने कहा कि अब किसानों की लड़ाई हम युवाओं को लड़नी पड़ेगी। क्योंकि ऐसे समय में युवा अगर शांत बैठा रह जाएगा तो युवा होने का कोई मतलब नहीं है। हमें हर उस व्यक्ति के लिए संघर्ष करने की ज़रूरत है जो कमज़ोर है, जो शोषित है। विक्रांत भूरिया ने कहा कि हम सब युवा प्रदेश में ज़मीनी स्तर पर मिलकर काम करेंगे। 

विदिशा के स्थानीय विधायक शशांक भार्गव भी इस कार्यक्रम भी मौजूद थे।कांग्रेस ने सिरोंज में अरुण यादव के नेतृत्व में ट्रैक्टर रैली भी निकाली। अरुण यादव खुद ट्रैक्टर चलाते दिखे जबकि पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह और यूथ कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, अरुण यादव के साथ ट्रैक्टर पर सवार हुए। इसके साथ ही तीनों नेताओं की मौजूदगी में सिरोंज विधानसभा के अंतर्गत आने वाले भौरिया गांव में गौशाला का उद्घाटन किया गया।

भोपाल से विदिशा जाते समय यूथ कांग्रेस के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया और पूर्व पीसीसी अध्यक्ष अरुण यादव का शमशाबाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत समारोह भी आयोजित किया गया था। 

युवाओं की लड़ाई लड़ेंगे : विक्रांत भूरिया

शमशाबाद में विक्रांत भूरिया ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से किसानों और युवाओं के साथ खड़ी रही है। प्रदेश में होने वाले आगामी नगर निकाय चुनाव से पहले विक्रांत भूरिया ने कहा कि नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस पार्टी में युवाओं को तरजीह दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के वरिष्ठ नेतृत्व ने भी इस बात को लेकर हामी भर दी है कि आगामी चुनावों में ज़्यादा से ज़्यादा टिकट युवाओं को मिलेंगे।

विक्रांत भूरिया ने अपनी पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि वो युवाओं की लड़ाई भोपाल से दिल्ली तक लड़ेंगे। भूरिया ने कहा कि युवा प्रदेश और देश की नींव हैं, इसलिए अगर हम युवाओं को मजबूत करेंगे तो आगे चलकर सिर्फ संगठन की ही नहीं, देश की ताकत भी बढ़ेगी।

प्रदेश के गांव-गांव तक पहुंचेगी यूथ कांग्रेस : भूरिया 

विक्रांत भूरिया ने किसान आंदोलन को लेकर कहा कि यूथ कांग्रेस ने हाल ही में राजधानी में किसान स्वाभिमान रैली भी निकाली थी। जिसमें प्रदेश भर से युवा शामिल हुए थे। जल्द ही हम प्रदेश के हर गांव, हर घर तक अपनी पहुंच बना लेंगे। यूथ कांग्रेस इसको लेकर बहुत सजगता से काम कर रही है।

About Author