April 24, 2024

कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के संसदीय क्षेत्र मुरैना में कांग्रेस की किसान महापंचायत आज

केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के संसदीय क्षेत्र मुरैना में आज कांग्रेस किसान महापंचायत का आयोजन करने जा रही है। मुरैना में आज दोपहर करीब 12 बजे से किसान महापंचायत का कार्यक्रम शुरू होने वाला है। कृषि कानूनों के विरोध में आयोजित होने वाली इस रैली में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल होने जा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ और दिग्विजय सिंह इस महापंचायत में शामिल होंगे। कांग्रेस नेताओं की इस महापंचायत में बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसानों के शामिल होने की संभवाना है।

कृषि कानूनों के दुष्परिणाम और विशेषकर किसानों के समर्थन में कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई प्रदेश में जगह जगह जा कर किसानों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त कर रही है। कमल नाथ, दिग्विजय सिंह के साथ साथ पूर्व पीसीसी चीफ अरुण यादव व पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह और जीतू पटवारी भी किसानों के समर्थन में जगह जगह जा रहे हैं।  इसी क्रम में आज केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस किसान महापंचायत का आयोजन करा रही है। लिहाज़ा मध्यप्रदेश कांग्रेस के आज के कार्यक्रम पर सबकी नज़रें टिकी हुई हैं।

महापंचायत से पहले बीजेपी-कांग्रेस में वार-पलटवार

कांग्रेस की किसान महापंचायत पर बीजेपी नेता और गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कांग्रेस के नेता ट्रैक्टर कम सोफा वाले नेता ज्यादा हैं। ये लोग चाहते हैं किसान उग्र हो जाएं और अराजकता का माहौल बन जाए। ये लोग सिर्फ दूसरे की आग पर रोटियां सेकना चाहते हैं। बीजेपी के तंज़ का जवाब देते हुए कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री पी सी शर्मा ने कहा, यह ऐतिहासिक किसान महापंचायत है। बीजेपी सरकार के बनाए तीनों काले कानूनों के खिलाफ मध्य प्रदेश का किसान भी खड़ा हो गया है। इस महापंचायत में जो भी प्रस्ताव पास होंगे, उन्हें किसानों तक पहुंचाया जाएगा।

मुरैना शराब काण्ड में मृतकों के परिजनों से मुलाकात करेंगे 

महापंचायत के बाद पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ मुरैना में जहरीली शराब काण्ड में मृतकों के परिजनों से मुलाकात भी करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुरैना में जहरीली शराब के कारण अब तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है। 

About Author