April 25, 2024

सोनिया गांधी बोलीं- भाजपा सरकार में रायबरेली के साथ सौतेला व्यवहार, जनता से की पार्टी उम्मीदवारों को जिताने की अपील

कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को वर्चुअल माध्यम से अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के मतदाताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस के दाम इतने बढ़ गए हैं कि आम लोगों का घर चलाना मुश्किल है। पांच साल ऐसी सरकार रही, जिसने जनता को बांटने के अलावा कुछ काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में रायबरेली के साथ सौतेला व्यवहार किया गया है। उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के मतदाताओं से पार्टी उम्मीदवारों को जिताने की अपील की।

सोनिया गांधी ने कहा कि किसानों को न तो फसलों का उचित दाम मिला और न खाद व सिंचाई की सुविधा। किसानों के ऊपर कर्ज का बोझ है और आवारा पशु फसल को बर्बाद कर देते हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों के 12 लाख पद खाली पड़े हैं। नौजवानों को नौकरी नहीं मिल रही है। हाल ही में कोरोना का कठिन समय देखा है। एक तरफ ऑक्सीजन, दवाइयां और अस्पताल में बेड नहीं मिले तो दूसरी तरफ लॉकडाउन में काम-धंधे बंद हो गए।

उन्होंने कहा कि लॉकडाउन में जनता के प्रति इस सरकार का व्यवहार ठीक नहीं था। सरकार ने राहत देने के बजाय मेहनत से बनाई गई सरकारी कंपनियों को कौड़ी के दाम अपने चहेतों को बेच दिया। इससे बेरोजगारी काफी बढ़ गई। हमने मनरेगा जैसा कानून बनाकर आपको रोजगार का अधिकार दिया। वहीं, ऐसे संकट के समय मनरेगा का बजट बढ़ाने के बजाय कम कर दिया गया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लॉकडाउन के दौरान भी सेवा की राजनीति की। हमने महिलाओं के लिए शक्ति विधान, युवाओं के लिए भर्ती विधान और उत्तर प्रदेश के विकास के लिए उन्नति विधान तैयार किया है। प्रियंका गांधी ने इस बार 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को दिए हैं। जनता के हक की लड़ाई लड़ते हुए कांग्रेस के 18 हजार कार्यकर्ता जेल गए। उन्होंने अपील की कि रायबरेली के हमारे सभी उम्मीदवारों को भारी मतों से जिताइए।

About Author