April 26, 2024

भिंड में कमलनाथ ने जन आक्रोश सभा को किया संबोधित, कहा- शिवराज 17 साल का हिसाब दें, मैं अपने 15 महीने का देने को तैयार हूं

भिंड. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ बुधवार को भिंड पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जन आक्रोश सभा को संबोधित किया। शिवराज सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज स्वयं को किसान हितैषी बताते हैं, जबकि पूरे प्रदेश का किसान पीड़ित व शोषित है। उन्होंने कहा कि युवा बेरोजगार है, महिलाएं पीड़ित हैं, किसानों को ठगा जा रहा है। ऐसी है प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की सरकार। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस का साथ मत दो, कमलनाथ का साथ मत दो, सच्चाई का साथ दो।

पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि शिवराज पहले 17 साल का हिसाब दें। मैं कांग्रेस शासन का पंद्रह महीने का हिसाब देने के लिए तैयार हूं। उन्होंने ऐसा प्रदेश कांग्रेस को सौंपा था जिसमें महिला, नौजवान किसानों पीड़ित था। वहीं इस दौरान पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सबसे बड़े झूठे हैं। उनकी करनी और कथनी में अंतर है। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल, चंबल व क्वांरी की बीहड़ों में स्थापित होना था उसे ग्वालियर के नेता शहर के नजदीक ले गए।

पूर्व मंत्री डॉ. गोविंद सिंह ने स्थानीय लोगों को पुलिस व सैना में भर्ती जैसे मुद्दे का उठाया और बीजेपी को घेरा। पूर्व विधायक हेमंत कटारे ने मंच से कहा कि बीजेपी के शासन में जिले के युवाओं पर अत्याचार हो रहा है। बोर्ड परीक्षा से कलेक्टर ने सैकड़ों परीक्षार्थियां को वंचित करवा दिया है। बोर्ड से पौने दस बजे तक का टाइम परीक्षा केंद्र पर बैठने का निर्धारित था। कलेक्टर ने पौने नौ बजे ही प्रवेश प्रतिबंध कराया। उन्होंने ब्राह्मण व दलितों पर होने वाले अत्याचार की बात भी कही।

कार्यक्रम में कांग्रेस जिला अध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा ने कांग्रेस की गतिविधियों पर प्रदेशाध्यक्ष के समक्ष रूपरेखा रखी और आगामी विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर जीत दिलाने का संकल्प दोहराया। युवा कांग्रेस नेता विक्रांत भूरिया ने कांग्रेस की नीतियों के बारे में बताया और कहा कि जनता का साथ मिल जाए तो किसी में दम नहीं कि कांग्रेस की सरकार बनाने से कोई रोक सके। इस मौके पर वरिष्ठ नेता बालेंदु शुक्ला, गोहद विधायक मेवाराम जाटव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेतागण मौजूद रहे।

About Author