April 23, 2024

बीसीसीआई के सालाना कॉन्ट्रैक्ट में रहाणे, पुजारा और हार्दिक पंड्या का डिमोशन, विराट और रोहित को पहले की तरह A+ ग्रेड में रखा गया

भारतीय टेस्ट टीम से बाहर हो चुके मिडिल ऑर्डर बैट्समैन अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा को बीसीसीआई के सालाना कॉन्ट्रैक्ट में भी डिमोशन झेलनी पड़ी है। इनके साथ-साथ ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को भी झटका लगा है। पहले इन तीनों खिलाड़ियों को ग्रेड ए कॉन्ट्रैक्ट मिला हुआ था। अब रहाणे और पुजारा ग्रेड बी में आ गए हैं। वहीं, पंड्या को ग्रेड सी में रखा गया है। विकेटकीपर बैट्समैन ऋद्धिमान साहा को ग्रेड बी से डिमोट कर ग्रेड सी में रख दिया गया है। पिछले साल कॉन्ट्रैक्ट में 28 खिलाड़ियों को शामिल किया गया था। वहीं इस बार सिर्फ 27 खिलाड़ियों को कॉन्ट्रैक्ट दिया गया है।

बीसीसीआई कॉन्ट्रैक्ट की चार कैटेगरी
मौजूदा समय में बीसीसीआई कॉन्ट्रैक्ट की चार कैटेगरी है। सबसे ऊंची कैटेगरी ए प्लस है। इसमें शामिल खिलाड़ियों को 7-7 करोड़ रुपए मिलते हैं। ए कैटेगरी के खिलाड़ियों को 5-5 करोड़ रुपए दिए जाते हैं। ग्रेड बी में 3 करोड़ और ग्रेड सी में 1 करोड़ रुपए मिलते हैं। खिलाड़ियों की फॉर्म और टीम इंडिया को उनकी जरूरत के लिहाज से ग्रेड तय किए जाते हैं।

खिलाड़ी और उनकी ग्रेड

ग्रेड ए ग्रेड ए प्लस में सिर्फ 3 खिलाड़ियों को ही रखा गया है, इस लिस्ट में पूर्व कप्तान विराट कोहली और मौजूदा कप्तान रोहित शर्मा के साथ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह शामिल हैं। इस ग्रेड के खिलाड़ियों को सलाना 7 करोड़ रुपए मिलते हैं। ग्रेड ए खिलाड़ियों को सालाना 5 करोड़ रुपए का वेतन मिलता है। इस लिस्ट में रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, केएल राहुल, मोहम्मद शमी और ऋषभ पंत को जगह दी गई है। वहीं ग्रेड बी में पुजारा, रहाणे के साथ शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, ईशांत शर्मा, अक्षर पटेल और श्रेयस अय्यर शामिल हैं। इस ग्रेड के खिलाड़ियों को सालाना 3 करोड़ रुपए मिलते हैं। ग्रेड सी में शिखर धवन, उमेश यादव, भुवनेश्वर कुमार, हार्दिक पांड्या, वाशिंगटन सुंदर, शुभमन गिल, हनुमा विहारी, युजवेंद्र चहल, सूर्यकुमार यादव, मयंक अग्रवाल, दीपक चाहर और ऋद्धिमान साहा को रखा गया है। इस ग्रेड के खिलाड़ियों को सालाना 1 करोड़ रुपए मिलते हैं।

महिला खिलाड़ियों में दीप्ति और राजेश्वरी प्रमोट
महिलाओं में दीप्ति शर्मा और राजेश्वरी गायकवाड को प्रमोट किया गया है। इन दोनों को ग्रेड बी से ग्रेड ए में भेजा गया है। ग्रेड ए में पहले से ही तीन खिलाड़ी थे। इसमें हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना और पूनम यादव शामिल हैं। मिताली राज और झूलन गोस्वामी ग्रुप बी में हैं। जेमिमा रॉड्रिग्स को ग्रेड बी से ग्रेड सी में डिमोट किया गया है। महिलाओं में ग्रेड ए में मौजूद खिलाड़ियों को सालाना 50 लाख रुपए, ग्रेड बी को 30 लाख रुपए और ग्रेड सी को 10 लाख रुपए सालाना मिलते हैं।

About Author