April 24, 2024

IND vs SL 1st Test: पहले दिन का खेल खत्म, टीम इंडिया ने 6 विकेट खोकर 357 रन बनाए, शतक से चूके ऋषभ पंत

भारत और श्रीलंका के बीच मोहाली टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म हो गया है। पहले दिन की समाप्ति तक टीम इंडिया का स्कोर 6 विकेट के नुकसान पर 357 रन रहा। रवींद्र जडेजा 45 और आर अश्विन 10 रन बनाकर नाबाद हैं। ऋषभ पंत 97 गेंदों पर 96 रन बनाकर आउट हुए। सुरंगा लकमल ने उन्हें आउट किया। इससे पहले पंत और जडेजा के बीच 104 रन की पार्टनरशिप हुई।

80 के स्कोर पर गिरे पहले 2 विकेट
भारतीय टीम को 52 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा था। कप्तान रोहित शर्मा 28 बॉल पर 29 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, टीम का दूसरा विकेट 80 रन पर गिरा। मयंक अग्रवाल 33 रन बनाकर आउट हुए।

कोहली बने 8 हजारी
विराट कोहली ने टेस्ट फॉर्मेट में अपने 8 हजार रन पूरे कर लिए हैं। कोहली ने पारी का 38वां रन बनाने के साथ ही टेस्ट में ये उपलब्धि हासिल की। टीम इंडिया के लिए 8,000 टेस्ट रन बनाने वाले विराट कोहली छठे खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले सुनील गावस्कर, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, वीवीएस लक्ष्मण और वीरेंद्र सहवाग ही यह उपलब्धि हासिल कर पाए हैं। 100वें टेस्ट में कोहली से शतक की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन वह 45 रन बनाकर लसिथ एमबुलडेनिया की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए हनुमा विहारी के साथ 155 रन पर 90 रन जोड़े। भारत का तीसरा विकेट 170 के स्कोर पर गिरा।

अर्धशतक बनाकर आउट हुए विहारी
कोहली के विकेट के बाद विहारी भी अपनी पारी को आगे नहीं बढ़ा सके और 58 रन बनाकर विश्वा फर्नांडो की गेंद पर बोल्ड हुए। चेतेश्वर पुजारा की जगह नंबर 3 पर खेल रहे हनुमा विहारी ने शानदार बैटिंग करते हुए 58 रन बनाए। टेस्ट क्रिकेट में ये उनका 5वां अर्धशतक रहा। भारत का चौथा विकेट 175 के स्कोर पर गिरा।

अय्यर ने बनाए 27 रन
भारत का 5वां विकेट 228 के स्कोर पर गिरा। श्रेयस अय्यर 27 रन बनाकर धनंजय डी सिल्वा की गेंद पर LBW आउट हुए। हालांकि अंपायर के फैसले के खिलाफ जाते हुए अय्यर ने रिव्यू लिया, लेकिन इसका उन्हें फायदा नहीं मिला। रीप्ले में नजर आया कि गेंद ऑफ स्टंप की लाइन पर ही थी। अय्यर और पंत ने 5वें विकेट के लिए 53 रन जोड़े।

पंत ने बल्ले से मचाया धमाल
पंत ने पारी के 76वें ओवर में लसिथ एमबुलडेनिया के खिलाफ 22 रन बनाए। उन्होंने पहली दो गेंदों पर लगातार दो छक्के जड़े। तीसरी गेंद पर चौका जड़ा। चौथी गेंद डॉट बॉल रही। पांचवीं गेंद पर दो रन बनाए और छठी गेंद पर एक और चौका जमा दिया। 77वें ओवर में चौथी गेंद पर उन्हें फिर स्ट्राइक मिली। इस पर उन्होंने चौका जमाया। पांचवीं गेंद पर एक और छक्का जमा दिया। इस तरह पंत ने इन दो ओवरों की आठ गेंदों पर 32 रन बना दिए। 332 के स्कोर पर भारत का छठवां विकेट गिरा। पंत 96 रन बनाकर आउट हुए।

About Author