April 20, 2024

राहुल और प्रियंका गांधी ने जनसभा से पहले बाबा विश्वनाथ दरबार पहुंच की पूजा, मांगा जीत का आशीर्वाद

वाराणसी के पिंडरा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करने से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी ने शुक्रवार दोपहर बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। गोदौलिया चौराहे से दोनों नेता अपने समर्थकों संग पैदल ही काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। पार्टी कार्यकर्ताओं ने दोनों को माला फूल पहना कर महादेव के उद्घोष के साथ स्वागत किया। वहीं दोनों बाबा को नमन कर गर्भ गृह में पहुंचे और सविधि दर्शन-पूजन कर बाहर निकले।

राहुल गांधी और प्रियंका के स्वागत के लिए गोदौलिया द्वार पर पहुंचे कांग्रेस के कार्यकर्ता उत्साहित नजर आए। गोदौलिया द्वार पर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का जमावड़ा रहा। राहुल और प्रियंका ने धाम परिसर में भक्तों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। वहीं दूसरी ओर बाहर आने पर प्रियंका गांधी ने एक महिला से मुलाकात की। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी दर्शन पूजन करने पहुंचे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा।

फूलपुर में करेंगे जनसभा
सातवें चरण के मतदान से पहले हर बाबा के दर्शन के लिए नेताओं की कतार लगी है। राहुल गांधी और प्रियंका सड़क मार्ग से पिंडरा विधानसभा के फूलपुर मार्केट जाएंगे और वहां कांग्रेस प्रत्याशी के लिए जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले गुरुवार को भी वाराणसी में अखिलेश यादव, जेपी नड्डा और ममता बनर्जी समेत कई दिग्गजों का जुटान हुआ था।

About Author