April 20, 2024

12 साल में दूसरी बार इतना ज्यादा तपा नौतपा, भोपाल-इंदौर में 43 के पार गर्मी

मध्यप्रदेश में इस बार नौतपा बीते 12 साल में दूसरी बार सबसे ज्यादा तपा। प्री-मानसून की बारिश के कारण शुरुआत में नौतपा के तेवर नरम रहे, लेकिन गुरुवार को इसने फिर जमकर तपाया। सीजन में पहली बार टेम्परेचर 45 डिग्री सेल्सियस की दहलीज को पार कर गया। सबसे ज्यादा खजुराहो में 45.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले 2016 में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री था। आइए नजर डालते हैं कि इस बार नौतपा कैसा रहा?

12 साल में 5वीं बार तापमान 45 डिग्री के पार
प्रदेश में पिछले 12 साल में पांचवीं बार नौतपा में अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार पहुंचा। इससे पहले 2015 से लेकर 2018 तक लगातार चार साल नौतपा में अधिकतम तापमान 45 या 45 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया था। 2018 में पारा 45.3 डिग्री सेल्सियस तीसरा सबसे ज्यादा तपने वाला नौतपा था।

नौतपा के पहले दिन हुई थी बारिश
इस बार नौतपा के पहले ही दिन बारिश ने मौसम में ठंडक ला दी। लगातार पारा 40 डिग्री के करीब रहा, लेकिन मंगलवार को तापमान के तेवर फिर सख्त हुए। ग्वालियर में पारा 44.7 डिग्री पहुंच गया। यह नौतपा का सबसे गर्म दिन था। देश के सबसे ज्यादा गर्म शहरों में ग्वालियर दूसरे नंबर पर रहा। मंगलवार को टॉप हॉट इलाकों में मध्यप्रदेश के तीन शहर रहे थे।

7 साल में इस बार चार महानगर सबसे कम तपे
मध्यप्रदेश के चार महानगरों की बात की जाए तो इस साल नौतपा में पारा नहीं चढ़ा। सिर्फ ग्वालियर को छोड़ दिया जाए तो पारा कहीं भी 44 डिग्री के ऊपर नहीं गया। भोपाल में तापमान अधिकतम 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह इस नौतपा का दूसरा गर्म दिन रहा। इंदौर में अंतिम दिन पारा 40 डिग्री तक पहुंचा। यह नौतपा का सबसे गर्म दिन रहा। जबलपुर में 42 डिग्री और ग्वालियर में 45 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यहां नौतपा का सबसे गर्म दिन रहा।

About Author