March 29, 2024

रायसेन में स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी के वार्ड में हारी भाजपा, कांग्रेस की जीत

मध्यप्रदेश में दूसरे चरण के निकाय चुनाव में 40 नगर पालिकाओं के रुझान आने शुरू हो गए हैं। दंगों वाले खरगोन में भाजपा जीत रही है। यहां 19 वार्डों में भाजपा उम्मीदवार जीत चुके हैं। कांग्रेस को यहां सिर्फ 4 वार्ड मिले हैं। 7 वार्डों में निर्दलीय को जीत मिली है। ओवैसी की AIMIM को 3 सीटें मिली है।

कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा की चौरई नगर पालिका में 9 पर भाजपा जीत चुकी है। यहां कांग्रेस 6 सीटों पर सिमटकर रह गई है। रायसेन के वार्ड 15 में भाजपा हार गई है। यहां स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी का घर है। नगर पालिका पर भाजपा का कब्जा हो गया है। यहां महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष भी चुनाव हार गईं हैं।

भोपाल के बैरसिया के 9 वार्डों में भाजपा उम्मीदवार जीत चुके हैं। यहां सिर्फ 3 सीटों पर कांग्रेस आगे है। वार्ड 16 से निर्दलीय नितिन जैन ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पर्वत सिंह पटेल की पत्नी को 55 वोटों से हरा दिया है। बैरसिया में शरद पवार की पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के एक उम्मीदवार को जीत मिली है।

About Author