March 29, 2024

खंडवा में मंदिर के सामने से निकलने पर 15 साल की दलित लड़की को पीटा, पुलिस ने धमकाया

खंडवा: खंडवा में मंदिर के सामने से निकलने पर 15 साल की जिस दलित लड़की को बुरी तरह पीटा गया था, उसने पुलिस पर धमकाने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि जब वो पुलिस के पास शिकायत करने पहुंची तो उसकी FIR लिखने से मना कर दिया गया। मैं किराना दुकान पर जा रही थी। मंदिर के पास पहुंची। उन लोगों (आरोपियों) ने छुआछूत की। बोले- तुम नीच जात की हो, हमारा प्रोग्राम चल रहा है, यहां से क्यों जा रही हो…? मैंने कहा- ऐसा मत कहो। इसके बाद सभी मिलकर मारने लगे। लेडीज ने बाल और हाथ पकड़ रखे थे। जेंट्स ने मुझे लकड़ी और लात-मुक्कों से मारा।

मम्मी, दीदी आए और मुझे बचाया। कुछ देर बाद पुलिस आ गई। मुझसे कहा- तुम्हें डॉक्टर के पास लेकर जाएंगे, लेकिन डॉक्टर के पास लेकर ही नहीं गए। मुझे थाने ले गए, मुझसे पूछताछ की। TI साहब ने डराया-धमकाया। TI बोले- तुम राजीनामा कर लो, नहीं तो इतनी धाराएं लग जाएंगी… तुमने काट लिया उन लोगों को …। TI कह रहे थे कि ऐसा बोलो कि हमने राजनीमा कर लिया। हम तुम्हारी वीडियो बनाएंगे। लड़ाई-झगड़ा हो रहा था तो मैंने एक आंटी को काट लिया था। बस…। मुझे भीम आर्मी वाले लोग हॉस्पिटल लेकर आए।

हमारे साथ हमेशा छुआछूत होती है…
प्रियंका के चाचा माखन कटारे ने बताया कि हमारे साथ हमेशा छुआछूत होती है। कभी पानी को लेकर तो कभी कोई कार्यक्रम होता है तो सामने से नहीं जाने देते। बच्ची भी किराना सामान लेने गई थी। सामने से गुजर गई तो उसे अपमानित किया।

TI बोले, थाने में दोनों पक्षों में समझौता हो गया था, 2 दिन बाद FIR करवाई
TI परसराम डावर का कहना है, लड़की और उसके परिजन शिकायत लेकर थाने आए थे। दूसरा पक्ष भी थाने पहुंचा था। दूसरे पक्ष में दो महिलाओं ने शिकायत की थी कि लड़की ने विवाद के दौरान उनके हाथ पर काट लिया था। हमने दोनों पक्षों से शिकायती आवेदन ले लिया था। इस बीच दोनों पक्षों में सामाजिक समझौता हो गया था। वे थाने से चले गए थे, दो दिन बाद लौटकर आए और FIR करवाई तो हमने केस दर्ज किया। धमकाने जैसा कुछ मामला नहीं है, लड़की और उसके परिजन से सिर्फ इतना कहा था कि तुम केस करोगी तो दूसरा पक्ष भी करवाएगा। पुलिस ने दूसरे पक्ष की शिकायत पर लड़की के पिता और अन्य लोगों पर मामला दर्ज किया है। इसी कारण वे दबाव बनाना चाहते हैं।

ये है पूरी घटना?
घटना 19 अगस्त की रात की है। खंडवा के आदिवासी बहुल क्षेत्र खालवा के भोगांवा गांव में भीलट बाबा मंदिर के पास जन्माष्टमी पर मटकी फोड़ कार्यक्रम चल रहा था। प्रियंका का यहां से निकलना हुआ, तभी 6 महिलाएं समेत 9 लोग उस पर टूट पड़े। इतना पीटा कि उसकी पसली में गंभीर चोट आ गई। प्रियंका खालका के सरकारी अस्पताल में भर्ती है। बता दें पुलिस ने मामले में क्रॉस FIR दर्ज की है।

About Author