April 20, 2024

कमलनाथ ने ली बैठक, भारत जोड़ो यात्रा को लेकर MP कांग्रेस की तैयारियां ज़ोरों शोरो पर

भोपाल। कांग्रेस की “भारत जोड़ो यात्रा” को दक्षिणभारत में अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है। जैसे-जैसे यह पदयात्रा आगे बढ़ रही है, हजारों की संख्या में लोग इससे जुड़ते जा रहे हैं। चुनावी राज्य मध्य प्रदेश में भी इस यात्रा का अहम पड़ाव होगा। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने इस यात्रा की तैयारियां लगभग पूरी कर ली है। कमलनाथ ने शुक्रवार को यात्रा से जुड़ी तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

कमलनाथ के आवास पर शुक्रवार को आयोजित इस बैठक में भारत जोड़ो यात्रा के प्रदेश समन्वयक पीसी शर्मा, संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर, उपाध्यक्ष प्रकाश जैन, कोषाध्यक्ष अशोक सिंह, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे। जानकारी के मुताबिक पीसीसी चीफ ने इस दौरान कहा कि मध्य प्रदेश में यात्रा के प्रवेश से पहले वे एकबार सड़क मार्ग से रूट का जायजा लेंगे। पूर्व सीएम बुरहानपुर से बड़वाह, बड़वाह से इंदौर और इंदौर से आगर मालवा तक प्रस्तावित रूट का यात्रा करेंगे।

यह भी पढ़ें: BJP-RSS ने देश में नफरत फैलाई, भारत जोड़ो यात्रा देश बांटने वालों के खिलाफ: राहुल गांधी

बैठक के दौरान यात्रा के समन्वयक पीसी शर्मा ने प्रदेश में यात्रा की रूपरेखा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 15 उपयात्राएं निकलेंगी जो 52 जिलों को कवर करेंगी। यात्रा के दौरान पदयात्री संविधान की प्रति लेकर आगे बढ़ते जाएंगे और अंत में सभी 15 यात्रा मुख्य यात्रा से जुड़ेंगी। करीब 35 दिनों तक प्रदेशभर में इस तरह की उपयात्राएं चलेगी। मुख्य यात्रा से इतर ये 15 उपयात्राएं 4 हजार किलोमीटर चलेंगी।

About Author