April 20, 2024

दिसंबर में बुरहानपुर से होगी एंट्री, राहुल की भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियां तेज़

भोपाल- कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अब प्रदेश में 8 से 10 दिन देरी से एंट्री लेगी। तय शेड्यूल के मुताबिक मप्र में उनकी यात्रा 24 नवंबर को प्रवेश करने वाली थी और 10 दिसंबर को उज्जैन से कोटा के लिए प्रदेश से बाहर होने वाली थी। अब जो देरी हो रही है, उसका कारण यह सामने आ रहा है कि राहुल की स्पीड तो तय शेड्यूल के हिसाब से है, लेकिन उनके साथ चल रही टीम की स्पीड धीमी है।

इसी कारण अब पार्टी सूत्रों का कहना है कि सप्ताह में एक दिन का रेस्ट भी यात्रा में जोड़ा जा रहा है। इसके चलते हर प्रदेश में दो से तीन दिन तय शेड्यूल से ज्यादा होंगे। प्रदेश में राहुल गांधी की यात्रा 16 दिन में 382 किलोमीटर होना है। 7 सितंबर से शुरू हुई इस यात्रा की प्रदेश में एंट्री पहले 24 नवंबर को हाेना थी लेकिन अब यह एक दिसंबर के आसपास होगी।

नर्मदा-शिप्रा और महाकाल दर्शन शेड्यूल में शामिल

कन्याकुमारी से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा तिरुवनंतपुरम, कोच्चि, नीलांबुर, मैसुरु, बेल्लारी, रायचूर, विकाराबाद, नांदेड़, जलगांव, जामोद, बुरहानुपर, इंदौर, कोटा, दौसा, अलवर, बुलंदशहर, दिल्ली, अम्बाला, पठानकोट और जम्मू से गुज़रते हुए से श्रीनगर में ख़त्म होगी। यात्रा में 9 लोगों की कमेटी है।

प्रदेश में यात्रा की तैयारी देख रहे पूर्व मंत्री व विधायक जीतू पटवारी के मुताबिक संभावित यात्रा अकोला, बुरहानपुर, इंदौर, उज्जैन, आगर होते हुए कोटा जाएगी। संभावित रूट में यात्रा बड़वाह होते हुए आएगी। आंशिक बदलाव संभावित है। अभी रूट की रैकी जारी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक नर्मदा, शिप्रा और महाकाल दर्शन भी यात्रा में शामिल है।

यात्रा से जुड़े खास फैक्ट

यात्रा में सबसे ज्यादा उम्र के 80 वर्षीय विजेंद्र सिंह महलावत हैं, जो राजस्थान से हैं। सबसे कम उम्र के सदस्य 25 वर्षीय आजम जोम्बला और बेम बाई हैं। दोनों अरुणाचल से हैं। {यात्रा में लगभग 30 प्रतिशत महिलाएं हैं।
यात्रा में कांग्रेस के 117 नेता और सिविल सोसायटी के 300 लोग शामिल है।
यात्री और यात्रा के साथ जुड़ने वाले कुछ अतिथि यात्री इस यात्रा के दौरान ट्रकों पर बनाए गए 60 कंटेनरों में रात बिता रहे है। इन ट्रकों को रोज़ाना एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा रहा है।
ये कंटेनर रेलवे के स्लीपर डिब्बों जैसे हैं। इन 60 कंटेनरों में करीब 230 लोग रह सकते हैं। इनमें से कुछ कंटेनरों में एक बिस्तर, कुछ में दो, कुछ में चार और कुछ में 12 बिस्तर लगे हैं। राहुल गांधी भी ऐसे ही एक कंटेनर में रह रहे हैं।
यात्रा 150 दिनों में देश के 12 राज्यों और दो केंद्र-शासित प्रदेशों से गुज़र कर 3,570 किलोमीटर का सफर तय कर जम्मू-कश्मीर में समाप्त होना थी, लेकिन अब यह अवधि बढ़ सकती है।

About Author