April 25, 2024

आज सोनिया गांधी से होगी अशोक गहलोत की मुलाकात, बोले- राहुल को मनाऊंगा, नहीं माने तो ही चुनाव लडूंगा

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष बनने की चर्चाओं के बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज दिल्ली जाएंगे। सीएम गहलोत सुबह 10 बजे विशेष विमान से दिल्ली पहुंचेंगे। सीएम का सुबह 11 बजे सोनिया गांधी से मिलने का कार्यक्रम है। इससे पहले मंगलवार मुख्यमंत्री आवास पर हुई विधायक दल की बैठक में सीएम गहलोत ने संकेत दिया था कि अध्यक्ष पद के लिए सोनिया गांधी और राहुल गांधी को मनाएंगे।

सीएम गहलोत ने कहा कि वे राहुल गांधी से फिर कांग्रेस अध्यक्ष बनने का अनुरोध करेंगे। अगर नहीं माने तो मेरे लिए पार्टी आलाकमान का निर्देश महत्वपूर्ण है। मैं आलाकमान के निर्देश मानूंगा। गहलोत ने नामांकन की स्थिति में विधायकों से दिल्ली चलने की तैयारी करने को कहा है। गहलोत ने कहा- मैं आखिरी बार राहुल गांधी से मिलकर उन्हें मनाने का प्रयास करूंगा। अगर राहुल गांधी नहीं माने तो फिर आलाकमान जो निर्देश देंगे। उसके लिए आपको तकलीफ दूंगा। आपको दिल्ली आकर फिर मेरा फार्म भरवाना होगा।

गहलोत के मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत पहले कोच्चि जायेंगे और राहुल गांधी से पार्टी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने का आग्रह करेंगे। माना जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव का परचा अशोक गहलोत अगले हफ़्ते भर सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि ऐसा फ़ॉर्मूला बनाया जा है, जिससे गहलोत कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनने के साथ-साथ मुख्यमंत्री भी बने रह सकते हैं।

उधर, राहुल गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष बनाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। राजस्थान, छत्तीसगढ़, गुजरात के बाद अब जम्मू-कश्मीर कांग्रेस कमेटी ने राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पारित किया है। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अधिसूचना 22 सितंबर को जारी की जाएगी और नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। मतदान होने के बाद इसके नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

About Author