March 29, 2024

दिग्विजय सिंह ने लिखा कमलनाथ को पत्र, भारत जोड़ो यात्रा के प्रचार में नहीं लगाएं मेरा फोटो

भोपाल- कांग्रेस के दिग्गज नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अक्सर किसी ना किसी वजह से सुर्खियों में रहते हैं। अब वे भारत जोड़ो यात्रा को लेकर लिखे गए अपने एक लेटर के कारण चर्चा में हैं। ये लेटर उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को लिखा है।

इस लेटर में दिग्विजय सिंह ने प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा की सफलता की कामना की। साथ ही उन्होंने यात्रा को लेकर प्रदेश में लगने वाले बैनर, पोस्टर्स और होर्डिंग्स में खुद की फोटो न लगाने का अनुरोध किया है। इस पत्र को लेकर भाजपा ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा है। मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि यह तो पहले से तय था। पढ़िए, नाथ को लिखे लेटर में दिग्विजय ने क्या कहा है…

प्रिय कमलनाथ जी,
कांग्रेस नेता राहुल गांधी जी के नेतृत्व में विगत सितंबर महीने से कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है। आगामी दिसंबर माह में यह यात्रा महाराष्ट्र से मध्यप्रदेश में प्रवेश करेगी। निमाड़ अंचल के बुरहानपुर से लेकर मालवा क्षेत्र के आगर-मालवा जिले से होते हुए राजस्थान में प्रवेश करेगी। भारत जोड़ा यात्रा को सफल बनाने के लिए बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं से संपर्क किया जा रहा है। आपने प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जिलास्तर पर यात्रा की तैयारियों के लिए जिला यात्रा प्रभारियों को तैनात कर जवाबदारी दी हैं। प्रदेश में सभी जिलों से चल रही उप यात्राओं से लगता है कि आपके नेतृत्व में मध्यप्रदेश में भी यात्रा को जनसामान्य का भारी समर्थन मिलेगा। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश और तेलंगाना में यात्रा को अभूतपूर्व सफलता मिली है। देश में पिछले 7-8 सालों से व्याप्त नफरत के खिलाफ प्यार और सद्भावना के संदेश को लेकर चल रही यात्रा का लाखों-लाख लोगों ने दिल खोलकर स्वागत किया है।

आपसे अनुरोध है कि यात्रा के मध्यप्रदेश में प्रचार-प्रसार के लिए जो सामग्री प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा तैयार की जा रही है, उसमें पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे की फोटो के साथ-साथ प्रदेश अध्यक्ष के नाते आपकी फोटो का उपयोग किया जाना उचित होगा।

मेरा निवेदन है कि पीसीसी द्वारा प्रकाशित सामग्री में मेरे फोटो का उपयोग नहीं किया जाए। मैं कामना करता हूं कि मध्यप्रदेश में यह यात्रा सफलता के नए आयाम स्थापित करे और कार्यकर्ताओं में एक नए जोश और उमंग का संचार करे। जहां कहीं भी मेरे सहयोग की आपको आवश्यकता हो, मैं सदैव आपके साथ हूं। मैं अपनी ओर से मध्यप्रदेश में यात्रा की सफलता के लिए शुभकामनाएं व्यक्त करता हूं।

  • सादर, आपका दिग्विजय सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री

About Author