April 19, 2024

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस पार्टी में शोक की लहर, महासचिव कृष्णकांत पांडेय का हुआ निधन

नई दिल्ली-कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के बीच पार्टी के लिए दुखद खराब सामने आई है। यात्रा की 62वीं सुबह मंगलवार को सेवादल के महासचिव कृष्णकांत पांडेय का निधन हो गया। पांडेय के निधन से कांग्रेस पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि अंतिम समय में वे अपने हाथों में तिरंगा थामे हुए थे। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने इस बात की पुष्टि की है।

जयराम रमेश ने ट्वीट कर कहा कि, ‘यात्रा की आज 62वीं सुबह मेरे और दिग्विजय सिंह के साथ सेवा दल के महासचिव कृष्णकांत पांडेय राष्ट्रीय ध्वज थामे हुए चल रहे थे। कुछ मिनटों के बाद (जैसा कि प्रैक्टिस है) उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज दूसरे नेता को सौंप दिया। इसके बाद वह गिर पड़े। उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।’

जयराम रमेश ने कहा कि वह कट्टर कांग्रेसी थे और नागपुर में आरएसएस के खिलाफ लड़ाई लड़ते थे। उनके निधन से यात्रा में शामिल सभी कार्यकर्ताओं को गहरा अघात पहुंचा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी पांडेय के निधन पर शोक जताया है। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘कांग्रेस सेवा दल के महासचिव, कृष्ण कांत पांडे जी का निधन पूरे कांग्रेस परिवार के लिए बहुत दुःखद है। उनके प्रियजनों को मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। आज, यात्रा के दौरान अंतिम समय में उन्होंने हाथों में तिरंगा थामा था। देश के लिए उनका समर्पण हमें सदा प्रेरणा देता रहेगा।’

छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने भी कृष्णकांत के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। साथ ही उन्होंने लिखा, देश जोड़ने के महायज्ञ में उनका बलिदान देश कभी न भुला सकेगा। राजस्थान कांग्रेस के नेता सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस के एक सच्चे सिपाही के रूप में अपनी अंतिम सांस तक पार्टी की सेवा की।

बता दें कि 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा पांच राज्यों से होकर महाराष्ट्र पहुंची है। राहुल गांधी ने मंगलवार को नांदेड़ जिले में एक गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद यहां से पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू की। उन्होंने कहा कि कहा कि महाराष्ट्र में यात्रा के दौरान वह राज्य के लोगों की तकलीफें सुनेंगे।

About Author