April 20, 2024

गडकरी ने की मनमोहन सिंह की जमकर तारीफ, आर्थिक सुधारों के लिए मनमोहन सिंह का ऋणी है देश

नई दिल्ली- केंद्र की मोदी सरकार में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आर्थिक सुधारों के जरिये देश को नई दिशा देने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की जमकर तारीफें की। इतना ही नहीं उन्होंने यहां तक कहा कि देश आर्थिक सुधारों के लिए मनमोहन सिंह का ऋणी है।

दरअसल, गडकरी मंगलवार को ‘TIOL अवॉर्ड 2022’ समारोह को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने मनमोहन सिंह की तारीफ की। गडकरी ने कहा कि वर्ष 1991 में तत्कालीन वित्त मंत्री मनमोहन सिंह द्वारा शुरू किए गए आर्थिक सुधारों ने भारत को एक नई दिशा दिखाने का काम किया। देश इन आर्थिक सुधारों के लिए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का आभारी है।

नितिन गडकरी ने इस दौरान नब्बे के दशक में महाराष्ट्र का मंत्री रहते समय सड़कों के लिए पैसे जुटाने के लिए की गई मशक्कत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह की तरफ से शुरू किए गए आर्थिक सुधारों की वजह से ही वह इन सड़क परियोजनाओं के लिए रुपए जुटा पाए थे।

केंद्रीय मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि उदार आर्थिक नीति किसानों एवं गरीबों के लिए है। उन्होंने कहा कि देश को एक ऐसी आर्थिक नीति की जरूरत है जिसमें गरीबों को भी लाभ पहुंचाने की मंशा हो। उन्होंने उदार आर्थिक नीति के क्रियान्वयन की दिशा में चीन को बढ़िया उदाहरण बताते हुए कहा कि इस नीति से किसी भी देश का विकास किया जा सकता है।

सड़क परिवहन मंत्री ने यह भी कहा कि चीन इस बात का एक अच्छा उदाहरण है कि कैसे उदार आर्थिक नीति किसी भी देश के विकास में मदद कर सकती है। वहीं भारत के संदर्भ में उन्होंने कहा कि आर्थिक विकास को गति देने के लिए भारत को अधिक पूंजीगत व्यय निवेश की जरूरत होगी। इसलिए NHAI आम आदमी से भी राजमार्गों के निर्माण के लिए धन जुटा रहा है।

About Author