April 20, 2024

प्रियंका मध्य प्रदेश के बुरहानपुर से राहुल गांधी के साथ करेंगी कदमताल

भोपाल- कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी गांधी बुधवार को पहली बार भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगी। जानकारी के मुताबिक प्रियंका गांधी के साथ उनके पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटे रेहान वाड्रा भी यात्रा में हिस्सा लेंगे। प्रियंका मध्य प्रदेश के बुरहानपुर से राहुल गांधी के साथ कदमताल करेंगी।

यात्रा में प्रियंका गांधी के आगमन को लेकर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक प्रियंका गांधी अपने परिवार के साथ कल शाम ही महाराष्ट्र के जामोद पहुंचेंगी। भारत यात्रियों ने बताया कि प्रियंका गांधी के ठहरने के लिए स्वयं भारत जोड़ो यात्रा आयोजन समिति के चेयरमैन दिग्विजय सिंह ने अपना कंटेनर खाली किया है। इसके अलावा कुछ कंटेनर और खाली कराए गए हैं। प्रियंका चार से पांच दिन भारत यात्रियों के साथ रहेंगी।

बता दें कि बुधवार को कांग्रेस की यात्रा बुरहानपुर के रास्ते मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। इससे पहले मंगलवार को भारत जोड़ो यात्रा आयोजन समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे। यहां वे तैयारियों और यात्रा के रूट को लेकर विस्तृत जानकारी देंगे।

बुरहानपुर में यात्रा की तैयारियां पूरी हो चुकी है। कांग्रेस के कई दिग्गज नेता बुरहानपुर पहुंच चुके हैं और इंतजाम का जायजा ले रहे हैं। पीसीसी से मिली जानकारी के अनुसार बुरहानपुर में एमपी कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन होगा। करीब एक लाख लोग यहां राहुल और प्रियंका गांधी के साथ मार्च करेंगे। प्रदेश भर के कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान और नौजवान बुरहानपुर पहुंचने लगे हैं।

राज्य में कांग्रेस इस यात्रा के माध्यम से एकजुटता का संदेश भी देगी। रविवार को कांग्रेस के वरीय नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा ने राहुल गांधी को को पीले चावल देकर मध्य प्रदेश में आने का आमंत्रण दिया था।

मध्य प्रदेश में यात्रा के प्रभारी पीसी शर्मा ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा प्रदेश में 23 नवंबर को बुरहानपुर के बोरदली गांव से प्रवेश करेगी। 24 नवंबर को राहुल गांधी महान क्रांतिकारी टंट्या भील के जन्मस्थली पहुंचेंगे और वहां आदिवासी समुदाय को संबोधित करेंगे। 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर राहुल गांधी संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू पहुंचेंगे। इसके बाद 30 नवंबर को यात्रा उज्जैन पहुंचेगी और राहुल गांधी महाकाल दर्शन करेंगे। इस दौरान टंट्या मामा की जन्मस्थली, महू और उज्जैन में राहुल गांधी पब्लिक रैली को संबोधित करेंगे।

About Author