March 19, 2024

भारत जोड़ो यात्रा का आज दूसरा दिन, भाई राहुल गांधी के साथ कदमताल करती नजर आईं प्रियंका

बुरहानपुर- मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा का आज दूसरा दिन है। गुरुवार सुबह साढ़े 6 बजे बुरहानपुर के बोरगांव से पदयात्रा की शुरूआत हुई। खास बात है कि आज प्रियंका गांधी भी यात्रा में शामिल हुईं। इस दौरान कांग्रेस महासचिव अपने भाई राहुल गांधी के साथ कदमताल करती नजर आईं। यह पहली बार है जब प्रियंका गांधी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो रही हैं।

प्रियंका गांधी कल देर रात सपरिवार भारत जोड़ो यात्रा कैंप में पहुंची थीं। उनके साथ पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटे रेहान वाड्रा भी हैं। प्रियंका गांधी के आगमन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह दुगना हो गया है। गुरुवार सुबह यात्रा बुरहानपुर के बोरगांव से शुरू हुई।
दोपहर विराम भारत पेट्रोलियम दुल्हार फाटा के पास है।

दोपहर में थोड़ी देर विश्राम के बाद राहुल गांधी करीब सवा दो बजे टंट्या भील की जन्मस्थली पहुंचेंगे। यहां वीर क्रांतिकारी टंट्या भील को श्रद्धांजलि अर्पित कर वे एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस सभा में हजारों की संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग शामिल होंगे। दोपहर तीन बजे यात्रा पंधाना गुरुद्वारा से दुबारा शुरू होगी। छैगांव माखन में पदयात्रा का विराम होगा। जबकि भारत यात्रियों के साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी रोशिया, खेरदा में रात्रि विश्राम करेंगे।

5 दिसंबर को यात्रा राजस्थान में प्रवेश करने से पहले छह जिलों बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और आगर-मालवा के 25-30 विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए मध्य प्रदेश में 399 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। मध्य प्रदेश की पांच लोकसभा सीटें भारत जोड़ो यात्रा के मार्ग में आती हैं। खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और देवास। इन सभी सीटों पर बीजेपी का कब्जा है।

कांग्रेस का फोकस रूट की उन 16 विधानसभा सीटों पर है, जिन पर फिलहाल बीजेपी का कब्जा है। पार्टी 2023 के विधानसभा चुनाव में सभी 16 सीटों पर जीत का लक्ष्य लेकर चल रही है।

About Author