March 28, 2024

मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा का तीसरा दिन, ऐतिहासिक यात्रा पर दिख रहा लोगों का उत्साह

खरगोन- मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा का आज तीसरा दिन है। प्रदेश में इस ऐतिहासिक यात्रा को भरपूर समर्थन मिल रहा है। वहीं राहुल गांधी के साथ प्रियंका की मौजूदगी को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। राहुल के साथ भारत जोड़ो यात्रा आयोजन समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह और पीसीसी चीफ कमलनाथ भी कदमताल कर रहे हैं।

शुक्रवार सुबह 6 बजे पदयात्रा खरगोन के खेरदा जिले से प्रारंभ होकर शाम को सनावद बस स्टैंड के पास रुकेगी। रात्रि विश्राम की व्यवस्था खंडवा के मोर्टक्का गांव में की गई है। यात्रा संपन्न होने के बाद शाम करीब साढ़े 6 बजे राहुल गांधी नर्मदा स्नान करेंगे और ओमकारेश्वर ज्योतिर्लिंग का दर्शन करेंगे।

खास बात यह है कि आज छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पूरी कैबिनेट के साथ मध्य प्रदेश आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे करीब तीन दिन तक यहां मध्य प्रदेश में रहेंगे और राहुल के साथ यात्रा में हिस्सा लेंगे। बघेल के साथ दर्जनों विधायक भी मौजूद रहेंगे।

इससे पहले कल यानी गुरुवार को राहुल गांधी आदिवासी जननायक टंट्या भील की जन्मस्थली पहुंचे थे। यहां उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार को निशाने पर लिया। राहुल ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने आदिवासियों को वनवासी कहा, इसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए।

About Author