April 23, 2024

MP में भारत जोड़ो यात्रा का चौथा दिन, सुबह 6 बजे से शुरू हुई यात्रा

खरगोन- मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा का आज चौथा दिन है। प्रदेश में इस ऐतिहासिक यात्रा को भरपूर समर्थन मिल रहा है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को लेकर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। नागरिक समूह, किसान संगठन और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता भी बड़े स्तर पर इस यात्रा से जुड़ रहे हैं।

शनिवार सुबह 6 बजे पदयात्रा खंडवा के मोर्टक्का से शुरू हुई। दोपहर पड़ाव के लिए कैंप मनिहार में बनाया गया है। पुनः उमेरिया चौकी से पदयात्रा शुरू होगी। वहीं बलवाड़ा के मायापुर धाम मंदिर में पदयात्रा का विराम होगा। रात्रि विश्राम के लिए कैंप दशहरा ग्राउंड, मारकम लेन के पास बनाया गया है।

राहुल गांधी के साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, उनके पति रॉबर्ट वाड्रा, भारत जोड़ो यात्रा आयोजन समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह और पीसीसी चीफ कमलनाथ सुबह 6 बजे से कदमताल कर रहे हैं। करीब दो किलोमीटर आगे झंडा टुकड़ी है। राहुल को देखने के लिए स्थानीय लोग घंटों से घरों के बाहर और सड़कों पर खड़े नजर आए।

शाम 7 बजे राहुल गांधी बाबा साहब भीम राव आंबेडकर की जन्मस्थली महू जाएंगे। यहां वे बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे वहीं एक जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं। खास बात यह है कि संविधान दिवस के मौके पर राहुल गांधी संविधान निर्माता बाबा साहब की जन्मस्थली पहुंच रहे हैं।

इससे पहले शुक्रवार को राहुल गांधी ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग का दर्शन करने पहुंचे थे। शाम को यात्रा विश्राम के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ओंकारेश्वर पहुंचे। यहां उन्होंने नर्मदा आरती में भी हिस्सा लिया।

About Author