April 25, 2024

भारत जोड़ो यात्रा का मध्य प्रदेश में आज आखिरी दिन, शाम को राजस्थान में प्रवेश करेगी

भोपाल- कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का मध्य प्रदेश में आज आखिरी दिन है। राज्य में 12 दिन गुजारने के बाद राहुल गांधी समेत सभी भारत यात्री आज राजस्थान में प्रवेश करेंगे। राजस्थान में राहुल गांधी की भव्य स्वागत की तैयारियां की गई है।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, महू, इंदौर, उज्जैन से होते हुए शुक्रवार को आगर मालवा पहुंची थी। राज्य में यात्रा के 12वें दिन यानी रविवार को सुबह 6:00 बजे लालाखेड़ी गांव की बल्डी से यात्रा की शुरुआत हुई। करीब 13 किलोमीटर चलकर महाकाल ढाबा (गर्ल्स होस्टल के नजदीक) पर पहुंचेगी।

दोपहर पड़ाव के बाद फिर साढ़े तीन बजे महाकाल ढाबे से 9 किलोमीटर चलकर भारत जोड़ो यात्रा डोंगरगांव पहुंचेगी। डोंगरगांव में जय किसान स्कूल पर यात्रा का समापन एवं जनसभा होगी। राहुल गांधी इस दौरान मध्य प्रदेश के नाम अपना संबोधन देंगे और राजस्थान की ओर बढ़ेंगे।

मध्य प्रदेश में राहुल की भारत जोड़ो यात्रा की बात करें तो यह सफल रही है। राज्य में हर दिन हजारों की संख्या में सड़कों पर चलते दिखे। मध्य प्रदेश में उनकी यात्रा के आने के दौरान ही पहली बार इस यात्रा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा शामिल हुए। साथ ही उज्जैन में बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर भी राहुल के साथ भारत जोड़ो यात्रा में कदम से कदम मिलाते दिखीं।

राहुल की यात्रा में लगातार पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह समेत तमाम दिग्गज मौजूद थे। मप्र में ये यात्रा आज रात तक 382 किलो मीटर का सफर तय कर लेगी। इस यात्रा से कांग्रेस एकजुटता का संदेश देने में भी सफल रही है। यात्रा के दौरान राहुल गांधी खंडवा के बड़ौदा अहीर स्थित टंट्या मामा के समाधि स्थल पर भी पहुंचे थे।

राहुल दलित परिवार के घर चाय पीने पहुंचे। वहीं संविधान दिवस के मौके पर राहुल संविधान निर्माता बाबा साहब अंबेडकर की जन्मस्थली महू भी गए। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी उनके साथ मौजूद थे। राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश में बाइक चलाई तो साथ ही वह डॉग के साथ भी दिखाई दिए। राहुल उज्जैन में बाबा महाकाल के दरबार में उनका आशीर्वाद लेने गए। इसके पहले वे ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग का भी दर्शन लाभ लेने गए थे।

About Author