March 28, 2024

भारत जोड़ो यात्रा का राजस्थान में आज तीसरा दिन, सचिन पायलट के समर्थक हजारों की संख्या में मौजूद

कोटा- कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों राजस्थान में है। सियासी घमासान के बीच यहां जोरों-शोरों से कांग्रेस यात्रा कर रही है। आज (7 दिसंबर) को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने यात्रा की शुरुआत राजस्थान के कोटा से की। दरा स्टेशन से यात्रा को शुरू हुई। इस दौरान लोगों की भारी भीड़ नजर आई।

भारत जोड़ो यात्रा 10 बजे तक अकलंग पब्लिक स्कूल मंडाना पहुंची, जहां दोपहर विश्राम है। इसके बाद 3.30 बजे फिर से यात्रा को मांदल्या रोड मंडाना से शुरू किया जाएगा। शाम करीब 6.30 बजे यात्रा केबल नगर कोटा पहुंचेगी, जहां यात्रा को विश्राम दिया जाएगा।

राजस्थान में यात्रा पूरी तरह से वहां के माहौल में रंग गई है। यहां भीड़ भी अन्य राज्यों से ज्यादा देखा जा रहा है। खासकर सचिन पायलट के समर्थक हजारों की संख्या में मौजूद हैं। पदयात्रा के दौरान राहुल गांधी ने जैसलमेर-बाड़मेर से आए मांगणियार लोक कलाकारों से चर्चा की। इन कलाकारों ने राजस्थानी गायकी से समा बांध दिया।

राजस्थान कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा आज राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होंगे। राजस्थान प्रभारी बनने के बाद पहली बार राहुल गांधी से मिलेंगे। वहीं सचिन पायलट भी लगातार राहुल गांधी के साथ यात्रा में बने हुए हैं।

राहुल गांधी भारत यात्रा के दौरान अलग अलग प्रोफेशन से जुड़े लोगों से बातचीत कर रहे हैं। लेकिन राजस्थान में अन्य राज्यों के मुकाबले पुलिस ने ज्यादा सख्ती बरती है। यह पहला कांग्रेस शासित राज्य है जहां से यात्रा गुजर रही है। गहलोत सरकार ने सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिसबल को तैनात किया है। हालांकि, राहुल गांधी ने इसपर नाराजगी जताई और कहा कि इस कारण ग्राउंड कनेक्ट नहीं हो पाता।

About Author