March 28, 2024

भाजपा के गढ़ में कमलनाथ की दहाड़, विदिशा के सिरोंज में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन

विदिशा- मिशन 2023 के लिए जुटी कांग्रेस ने बुधवार को विदिशा के सिरोंज में भव्य रैली का आयोजन किया। इस रैली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और युवा नेता जयवर्धन सिंह ने लोगों को संबोधित किया। इस दौरान कमलनाथ ने कहा कि 2023 में कांग्रेस की सरकार बनते ही सिरोंज को हैंडलूम और पावरलूम का हब बनाएंगे। वहीं जयवर्धन सिंह ने कहा कि प्रदेश में अब सत्ता परिवर्तन अनिवार्य हो गया है।

सिरोंज में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा कि, ‘आज दुष्ट लोग प्रचार कर रहे हैं कि हिंदू धर्म खतरे में है। मैं हिंदू हूं और मैं खतरे में नहीं हूं, क्योंकि मैं बेवकूफ नहीं हूं। ये लोगों को बांटना चाहते हैं। एक दौर था जब सिरोंज दरी के लिए देश भर में मशहूर था, मुझे यहां आकर बेहद खुशी होती है परंतु साथ-साथ दुख भी इस बात का होता है कि अपना सिरोंज कहीं ना कहीं विकास की दौड़ में पीछे रह गया। यहां के कागज का उद्योग यहां की रंगीन छपाई और दरी का उद्योग आज पूरी तरह चौपट कर दिया गया है। हमारा सिरोंज और हमारा विदिशा हमारी महान संस्कृति का प्रतीक है।’

पूर्व सीएम ने आगे कहा कि, ‘साल 2023 में कांग्रेस की सरकार बनते ही यहां दरी हैंडलूम और पावरलूम का हब बनाएंगे और स्थानीय युवाओं को यहीं रोजगार मुहैया करायेंगे। प्रदेश में 15 साल बाद कांग्रेस की सरकार बनी थी, आपने मेरे हाथों में यह जवाबदारी दी थी। वर्ष 2018 में शिवराज सिंह ने मुझे एक ऐसा प्रदेश सौंपा था जो किसानों की आत्महत्या में नंबर वन, बेरोजगारी में नंबर वन, महिला अत्याचार में नंबर वन। मुझे 15 महीने मिले, जिसमें से ढाई महीने लोकसभा चुनाव और आचार संहिता में चले गये, साढ़े 11 महीने की सरकार में, मैंने कांग्रेस की नीति और नियत का परिचय दिया। मैंने कौन सा गुनाह मैंने किया कि 27 लाख किसानों का कर्जा मैंने माफ किया, अकेले विदिशा जिले में हमने 1 लाख 2000 किसानों का कर्जा माफ किया था।’

कमलनाथ ने आरोप लगाते हुए कहा कि, ‘तब इन्होंने सौदा करके सरकार गिरा दी। यह तस्वीर आज आप सबके सामने हैं। क्या यही मेरा गुनाह है कि मैंने 100 में 100 यूनिट बिजली देने का कार्य किया। उनसे तो जो घोषणा चाहो, वह करा लो, वह जब तक झूठ ना बोले, उनका खाना हजम नहीं होता। अपने 18 साल के कार्यकाल में उन्होंने लगभग 20 हजार घोषणाएं की। मैं तो शिवराज सिंह जी से हमेशा कहता हूं मैं अपने 15 महीने का हिसाब दूंगा आप अपने 18 वर्ष का हिसाब जनता को दीजिए।’

सभा को संबोधित करते हुए युवा विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि, ‘कमलनाथ जी ने 15 महीने में वो काम कर दिखाया जितना शिवराज ने 15 साल में नहीं किया। 15 महीने में 20 लाख से अधिक किसानों का कर्ज माफ हुआ था। प्रथम चरण में उनका कर्ज माफ हुआ जिनका 50 हजार से कम था। 2020 में दूसरे चरण में 50 हजार से 1 लाख रुपए वालों का कर्ज माफ हुआ। लेकिन तभी सिंधिया जी बिक गए और सरकार नहीं बची।’

जयवर्धन सिंह ने ऐलान करते हुए कहा कि, ‘यदि 11 महीने में पुनः कांग्रेस की सरकार बनती है और कमलनाथ सीएम बनते हैं तो एक एक किसान जिन्होंने फॉर्म भरा और कर्ज माफ नहीं हुआ था उनका कर्ज माफ करेंगे। 15 महीनों में कमलनाथ सरकार ने गरीबों की पेंशन दोगुना कर दिया। इस बार सरकार बनेगी तो पेंशन एक हजार रुपए प्रति महीने करेंगे। आज प्रदेश में बिजली के बिलों का संकट है। कांग्रेस सरकार में 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली बिल आ रहा था लेकिन मामू की सरकार आई तो बिल डेढ़ हजार आने लगे। 28 विधायक खरीदा है तो कहीं से पैसे वसूलने पड़ेंगे न? 10 महीने बाद प्रदेश में सत्ता परिवर्तन अनिवार्य हो गया है।’

About Author