March 19, 2024

भोपाल से शुरू हाथ से हाथ जोड़ो अभियान, देशभर में 6 लाख गांवों तक राहुल का संदेश पहुंचाने की योजना

भोपाल- भारत जोड़ो यात्रा के संदेश को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस ने आज से देशभर में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत की है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर कांग्रेस ने एकसाथ सभी राज्यों में इस अभियान की शुरुआत की। इस दौरान देशभर में अलग अलग रंग देखने को मिले। मध्य प्रदेश में पीसीसी चीफ कमलनाथ ने हनुमान जी की पूजा अर्चना कर इस अभियान की शुरुआत की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ गुरुवार सुबह भोपाल के हुजूर विधानसभा अंतर्गत ग्राम मुंगालिया छाप पहुंचे। यहां उन्होंने अपने इष्टदेव हनुमान जी की पूजा अर्चना कर इस अभियान की कामयाबी के लिए प्रार्थना की। तत्पश्चात मध्य प्रदेश में ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ का शुभारंभ हुआ।

इस दौरान पूर्व सीएम ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे देश की संस्कृति दिल, संबंध और रिश्तों को जोड़ने की संस्कृति है, उस संस्कृति पर बड़ा हमला किया जा रहा है, धर्म जाति अथवा भाषा के नाम पर समाज को बरगलाने का प्रयास किया जा रहा है। आने वाला चुनाव हमारी संस्कृति और हमारे संविधान की रक्षा करने का अवसर है। आप सबके सामने यह एक बड़ी जिम्मेदारी है कि कैसा देश और कैसा प्रदेश हम आने वाली पीढ़ियों को सौंपना चाहते हैं।’

उधर छत्तीसगढ़ में पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने इस अभियान को हरी झंडी दिखाई। राजधानी रायपुर के गांधी मैदान से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत करते हुए मरकाम ने कहा कि एकता और भाईचारे के लिए हमारे नेता राहुल गांधी जी के संदेश एवं मोदी सरकार की विफलताओं को कार्यकर्ता घर-घर तक पहुंचाएंगे। अन्य राज्यों से भी इस अभियान के शुरुआत की तस्वीरें आई है।

कांग्रेस ने कहा है कि “भारत जोड़ो यात्रा” को मिले बेशुमार प्यार के बाद ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ को भी जनता का समर्थन मिलेगा। ये हमें पूरा भरोसा है। इस अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता 6 लाख गांव, 2.5 लाख ग्राम पंचायत और 10 लाख से ज्यादा मतदान केंद्र तक पहुंचेंगे। इस दौरान वे मोदी सरकार की विफलताओं को जनता तक पहुंचाएंगे और राहुल गांधी का संदेश जन-जन को सौंपेंगे।

इस अभियान के लिए राहुल गांधी ने जनता के नाम एक पत्र लिखा है। इसमें कांग्रेस के नेतृत्व में एक स्वर्णिम भारत का वादा किया गया है। इस पत्र को कांग्रेस पार्टी घर-घर ले जाकर लोगों को सौंपेगी। यह अभियान दो महीने बाद 26 मार्च को खत्म होगा। बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अंतिम पड़ाव में है। 7 सितंबर 2022 को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई यात्रा 19 जनवरी को जम्मू-कश्मीर पहुंची। 125 दिन में राहुल देश के 13 राज्यों से गुजरे। यात्रा 30 जनवरी को श्रीनगर में खत्म होगी।

About Author