March 19, 2024

राहुल गाँधी के साथ आई महबूबा मुफ्ती, 30 जनवरी को श्रीनगर में समाप्त होगी भारत जोड़ो यात्रा

नई दिल्ली- कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा अपने अंतिम पड़ाव में है। शनिवार सुबह पुलवामा जिले में अवंतीपोरा के चुरसू से शुरू हुई। यात्रा में PDP चीफ महबूबा मुफ्ती हजारों महिलाओं के साथ शामिल हुई हैं। मुफ्ती के साथ उनकी मां और बेटी भी हैं। महबूबा मुफ्ती की मां राहुल गांधी के लिए शॉल लेकर आई थीं। प्रियंका गांधी के भी आज यात्रा में पहुंचने की उम्मीद है।

शनिवार को पंपोर के बिड़ला इंटरनेशनल स्कूल के पास यात्रा का टी ब्रेक होगा। श्रीनगर के बाहरी इलाके स्थित पंठा चौक के ट्रक यार्ड में शनिवार रात विश्राम होगा। 29 जनवरी को पंठा चौक से यात्रा बोलेवर्ड रोड स्थित नेहरू पार्क तक जाएगी। इसके बाद 30 जनवरी को यात्रा का समापन होगा। कांग्रेस ने समापन समारोह में लोगों से शामिल होने की अपील की है।

कांग्रेस ने ट्वीट किया, “तारीख याद है ना। श्रीनगर | 30 जनवरी। सुबह 10 बजे। कन्याकुमारी से चली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अपने आखिरी पड़ाव में है। यात्रा के 2 दिन शेष हैं। प्रेम, सद्भावना, एकता, भाईचारे का संदेश लिए इस यात्रा.. या कहें ‘जन आंदोलन’ का 30 जनवरी को समापन है, श्रीनगर में। इतिहास के साक्षी बनें।”

इससे पहले कांग्रेस ने एक ट्वीट में लिखा कि, “समुद्र तट से शुरू हुई यह यात्रा पहाड़, नदियां और झरने लांघकर देश के मस्तक पर पहुंच चुकी है। हां, हम कश्मीर में हैं। एक वादा लिए आए हैं, करोड़ों परिवारों की खोई हुई खुशहाली लौटाने का वादा। इस वादे के साथ भारत जोड़ो यात्रा आज पुलवामा से रवाना होकर श्रीनगर तक जाएगी।”

बता दें कि 7 सितंबर 2022 को कन्याकुमारी से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा 3,970 किलोमीटर, 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों को कवर करने के बाद 30 जनवरी 2023 को श्रीनगर में समाप्त होने। समापन समारोह में बड़ी संख्या में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। इससे पहले शुक्रवार को सुरक्षा में सेंध लगने के बाद राहुल गांधी ने यात्रा रोक दी थी। कांग्रेस ने सुरक्षा में चूक के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया था।

About Author