April 23, 2024

कमलनाथ ने किया जनता से वादा, कांग्रेस की सरकार आने पर 500 रुपए में मिलेगा रसोई गैस सिलेंडर

भोपाल- मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमल नाथ ने चुनाव पूर्व एक बड़ा वादा किया है। नरसिंहपुर की जनसभा में उन्होंने घोषणा की है कि प्रदेश में अगर कांग्रेस की सरकार बनती है तो वो खाना पकानेवाले गैस सिलेंडर का दाम 500 रुपए कर देंगे। रसोई गैस का एक सिलेंडर इन दिनों लगभग 1200 रूपये का मिल रहा है।

कमल नाथ ने अपनी सभा में खुद लोगों से ही पूछ लिया कि उन्हें सिलेंडर कितने में चाहिए। इसपर लोगों की भीड़ से आवाज़ आयी पांच सौ रूपये की। आमलोगों की तरफ से मांग आते ही कमल नाथ ने भी कह दिया कि मैं नरसिंहपुर की पावन भूमि से यह ऐलान करता हूं कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने पर पांच सौ रुपए में सिलेंडर दिए जाएंगे।

इसके अलावा कमल नाथ ने प्रदेश की महिलाओं को लेकर भी कई घोषणाएं की। पीसीसी चीफ ने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर कांग्रेस हर वर्ग की महिलाओं के खाते में प्रति माह 1500 रुपए देगी। इस घोषणा को लेकर कांग्रेस पार्टी पूर्व में भी चर्चा कर चुकी है। बजट सत्र से पहले कांग्रेस विधायकों की बैठक हुई थी। जिसमें प्रदेश की महिलाओं के खाते में प्रतिमाह वेतन भुगतान को लेकर निर्णय किया गया था। आज खुद कमल नाथ ने सार्वजनिक तौर पर कांग्रेस की इस योजना की घोषणा कर दी है।

इससे पहले कमल नाथ ने नरसिंहपुर में प्रेस से बातचीत की। प्रेस वार्ता के दौरान कमल नाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज चौहान पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। कमल नाथ ने कहा कि नरसिंहपुर एक कृषि प्रधान ज़िला है लेकिन इसके बावजूद यहां किसानों को बीज सस्ती दरों में उपलब्ध नहीं हो रहे हैं और किसान अपनी फसल का उचित मूल्य हासिल करने के लिए दर दर की ठोकरें खा रहे हैं।

इसके पूर्व में शिवराज सरकार ने महिलाओं के खाते में एक एक हजार रूपये प्रति महीने देने की घोषणा की थी। इस घोषणा के बाद बीजेपी खेमे में उत्साह है। सियासी पंडितों को लग रहा है कि इस बार शिवराज लाडली बहनों के वोट में इस घोषणा के जरिे सेंध लगा दिए है। कमल नाथ का आज का वादा इसी संदर्भ में महिलाओं को अपने पक्ष में करने की एक कवायद के रूप में देखी जा सकती है।

About Author