April 18, 2024

रामनवमी पर शोक में डूबा इंदौर, कमलनाथ ने दिया मदद पर जोर

इंदौर के बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में रामनवमी पर बावड़ी की छत धंसने से पांच लोगों की मौत हो गई। इनमें चार महिलाएं और एक पुरुष है। 40 फीट गहरी बावड़ी में करीब 25 लोग गिरे थे। पुलिस ने रस्सियों की मदद से 18 लोगों को बाहर निकाल लिया। इनमें दो बच्चियां और सात महिलाएं हैं। डेढ़ और 11 साल के बच्चे सहित कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका है। बावड़ी में चार से पांच फीट पानी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सपना संगीता रोड स्थित स्नेह नगर में हवन के दौरान हादसा हुआ। लोग बावड़ी की छत पर बैठे थे। वजन से उसकी छत टूट गई और लोग नीचे गिर गए। यह मंदिर करीब 60 साल पुराना है।

मौके पर मौजूद भाजपा विधायक मालिनी गौड़ के बेटे एकलव्य ने दैनिक भास्कर को बताया कि प्रशासन ने उन्हें पांच लोगों की मौत की जानकारी दी है। इनमें से दो की पहचान हो गई है।

पीएम ने सीएम को फोन कर जाने हालात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि इंदौर में हुए हादसे से बेहद आहत हूं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात कर स्थिति की जानकारी ली। राज्य सरकार बचाव और राहत कार्य में तेजी से आगे बढ़ रही है।

इंदौर में रामनवमी पर 5 लोगों की मौत; पूर्व सीएम कमलनाथ ने जताया शोक

मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ ने इस घटना को लेकर दुख व्यक्त किया है- “इंदौर के बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में हवन के दौरान 25 लोगों के बावड़ी में गिर जाने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। मैं ईश्वर से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल बाहर आने की कामना करता हूं।
प्रभु श्रीराम सबकी रक्षा करें।”

About Author