April 19, 2024

कर्नाटक में जहां-जहां से राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा निकली थी उनमें से लगभग 80 प्रतिशत सीटों पर कांग्रेस जीती- दिग्विजय सिंह

कर्नाटक में कांग्रेस की जीत का असर पूरे देश में हुआ – दिग्विजय

इटारसी – कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि हाल ही में संपन्न कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत का असर पूरे देश में हुआ है और दावा किया कि कर्नाटक में जहां-जहां से राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा निकली थी उनमें से लगभग 80 प्रतिशत सीटों पर कांग्रेस जीती है।

सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि हालांकि, मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों में मुकाबला कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच है, लेकिन आम आदमी पार्टी (आप), ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी जैसी अन्य पार्टियां भाजपा को लाभ पहुंचाने की रणनीति के तहत मैदान में होंगी।

उन्होंने इटारसी में संवाददाताओं से कहा, ‘‘कर्नाटक की जीत का असर पूरे देश में हुआ है और जहां-जहां से भारत जोड़ो यात्रा निकली थी उनमें से लगभग 80 प्रतिशत सीटों पर कांग्रेस जीती है और वो जिले जो भाजपा के गढ़ हुआ करते थे, वहां से भाजपा का पूरी तरह से सफाया हो गया है। वहां कांग्रेस पार्टी की जीत हुई है।’’

कर्नाटक में 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत हासिल करते हुए 135 सीट जीतीं, जबकि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा नीत जनता दल (सेक्युलर) ने क्रमश: 66 और 19 सीट जीतीं।

सिंह पार्टी के वरिष्ठ नेता रामेश्वर नीखरा के साथ विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने नर्मदापुरम जिले के इटारसी पहुंचे थे। दिग्विजय राज्य के उन जिलों का दौरा कर रहे हैं जहां कांग्रेस को कमजोर माना जाता है।

दिग्विजय ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘शिवराज जी हम लोगों से पूछते हैं कि (कमलनाथ के नेतृत्व में 17 दिसंबर, 2018 से 20 मार्च, 2020 तक (तत्कालीन कांग्रेस नीत सरकार के दौरान) हम लोगों ने 15 महीने में क्या किया, लेकिन इसका जबाब नहीं देते की उन्होंने 20 साल में क्या किया?’’

उन्होंने कहा, ‘‘अब उनको एन वक्त पर अपनी बहनों की याद आई है। वह (चौहान) चुनावी साल में महिलाओं की भलाई के बारे में सोच रहे हैं और उन्हें 1,000 रुपये प्रति माह देने के लिए एक योजना (लाडली बहना योजना) शुरू की है।’’

दिग्विजय ने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में महिलाओं को 1,500 रुपये देना शुरू कर दिया है और कर्नाटक में प्रति माह 2,000 रुपये देने का वादा किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘इस बार मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। कांग्रेस की सरकार बनते ही घरेलू गैस सिलेण्डर 500 रुपये में, हर महिला को 1500 रुपये प्रतिमाह और 100 रुपये में 100 यूनिट बिजली के साथ प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करेंगे।’’

About Author