April 16, 2024

गोविंद सिंह राजपूत के पुत्र आकाश ने सोशल मीडिया पर लिखा – ‘अच्छा है हम खुरई में नहीं हैं, वरना बात करने पर ही जेल चले जाते’

भाजपा आलाकमान के हस्तक्षेप के बाद भी भाजपा में अंतर्कलह जारी

सागर – शिवराज सरकार के मंत्रियों भूपेंद्र सिंह और गोविंद सिंह राजपूत के बीच तनातनी अब करीबियों ने आगे बढ़ाई है। राजस्व मंत्री राजपूत के पुत्र आकाश ने सोशल मीडिया पर भूपेंद्र सिंह पर तंज कसते हुए लिखा – ‘अच्छा है हम खुरई में नहीं हैं, वरना बात करने पर ही जेल चले जाते।’ खुरई से भूपेंद्र सिंह विधायक हैं।

आकाश ने बाद में पोस्ट डिलीट कर दी। हालांकि तब तक स्क्रीन शॉट वायरल हो गए। इस मामले में मंत्री राजपूत ने कहा कि पार्टी में सभी लोग सामान्य हैं। मैं इस समय बाहर हूं। क्या लिखा गया है, वह भी नहीं पता, लेकिन ऐसी टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए।

दूसरी तरफ भूपेंद्र सिंह के करीबी कहे जाने वाले सागर मेयर संगीता तिवारी के पति और भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुशील तिवारी के वॉट्सएप-चैट का भी स्क्रीन शॉट सामने आया है, जिसमें लिखा है कि भूपेंद्र सिंह हो सकते हैं, भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष।

कहां से बढ़ा विवाद

दो दिन पहले सागर से आने वाले मंत्रियों की खींचतान सामने आई थी, जब विधायकों के साथ सभी ने मुख्यमंत्री से मिलकर शिकायत की। संगठन तक भी बात की। इसी के बाद सियासी सरगर्मी बढ़ी है।

सागर महापौर के पति तिवारी ने भूपेंद्र को बताया नया प्रदेश अध्यक्ष

तिवारी के मोबाइल से प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को लेकर एक पत्र वायरल किया गया है, जिसमें उनके किसी भाजपा नेत्री के घर देर रात जाने और शराब पीने की बात लिखी है। यह पत्र पूर्व में वायरल हुआ था, जिसे गलत बताया जा चुका है। तिवारी का कहना है, उन्होंने पत्र फॉरवर्ड नहीं किया। पीए से कोई बटन धोखे से दब गया। पीए को हटा दिया है। भूपेंद्र सिंह के नया अध्यक्ष होने की चैट पर उन्होंने कहा, इसकी जानकारी नहीं है।

About Author