April 29, 2024

ज्योतिरादित्य सिंधिया को हराने वाले सांसद केपी यादव का फिर छलका दर्द तो कांग्रेस ने दिया पार्टी में आने का न्योता, कहा- कांग्रेस में मिलेगा पूरा सम्मान

भोपाल। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को हराने वाले गुना सांसद कृष्णपाल सिंह यादव (केपी यादव) का फिर दर्द छलका है। न्योता न मिलने से सांसद केपी यादव आग बबूला हो गए और उन्होंने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के भूमिपूजन में जनप्रतिनिधियों को नहीं बुलाया जाता है। सांसद ने कहा कि पूरे जिले में जुआ, सट्टा, ड्रग्स चल रहा है। सबसे ज्यादा शिकायतें पुलिस विभाग की आती है, लेकिन कोई सुध लेने वाला नहीं है।

अशोकनगर जिले के कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समन्वय एवं निगरानी की बैठक में सांसद केपी यादव ने जनप्रतिनिधियों को भूमिपूजन में नहीं बुलाने पर अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि केंद्र की योजनाओं के तहत निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं पर उन्हें पता तक नहीं। केपी यादव ने हालात को दिया तले अंधेरा बता दिया। सांसद ने कहा कि लोग कहते हैं कि जनता ने आपको चुना है, आप बोलते क्यों नहीं, इसलिये मैं आज बोल रहा हूं।

केपी यादव के दर्द पर कांग्रेस का प्रेम उनके लिए छलकने लगा। कांग्रेस ने उन्हें भाजपा छोड़ कांग्रेस में आने का आमंत्रण दे दिया और कहा कि कांग्रेस में आपको सम्मान मिलेगा। नाराजगी वाले वीडियो के बाद कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी ने कहा कि केपी यादव को बार-बार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्हें वहां पर सम्मान नहीं मिल रहा है। पत्र लिखने के बावजूद भी हालात वही हैं, तो वो कांग्रेस पार्टी में आएं, उनको यहां पूरा सम्मान मिलेगा।

बता दें कि गुना सांसद केपी यादव भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र लिखकर सुर्खियों में आ गए थे, जिसमें सिंधियां सहित कई लोगों के खिलाफ उनकी भड़ास निकली थी। उनके लेटर से प्रदेश भाजपा में गुटबाजी की बात चर्चा में आ गई थी। दरअसल, केपी यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिख उपेक्षा और दरकिनार किए जाने का आरोप लगाया था। नड्‌डा को लिखे पत्र में उन्होंने कहा था कि केंद्रीय मंत्री सिंधिया के समर्थक पार्टी का माहौल खराब कर रहे हैं। सिंधिया समर्थक मंत्री गुटबाजी कर रहे हैं।

About Author