May 1, 2024

लगातार बारिश से हालात बिगड़े, नर्मदा, बेतवा और तवा समेत कई नदियां उफान पर

भोपाल- MP में बारिश का सिस्टम फिर से एक्टिव हो गया है। राजधानी भोपाल, नर्मदापुरम, विदिशा, छिंदवाड़ा और रायसेन समेत प्रदेश के कई हिस्से में तेज बारिश हो रही है। भोपाल में सुबह पौने 6 बजे से कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश हो रही है। शाम करीब 7 बजे जमकर बारिश हुई। इधर, भोपाल में प्रशासन ने सोमवार को स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया है। भोपाल में मानसून की इस सीजन में अब तक 55 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है। जबलपुर, उमरिया , मंडला और डिंडौरी में भी सोमवार को स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया गया है।

ब्यावरा में बिगड़े हालात, प्रशासन ने चलाया रेस्क्यू अभियान
राजगढ़ के ब्यावरा में लगातार बारिश से हालात बिगड़े नजर आए। शहर के कई इलाकों में पानी भर गया। जिसके बाद नगर निगम, पुलिस और प्रशासन समेत अन्य टीमों ने रेस्क्यू अभियान चलाया। रविवार तक करीब 25-30 लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया।

जबलपुर में एक दिन में करीब 5 इंच बारिश
जबलपुर में रविवार को सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक सबसे ज्यादा 4.8 इंच बारिश हुई है। वहीं, गुना में 3.1 और भोपाल में 2.8 इंच बारिश दर्ज की गई। नर्मदापुरम जिले में शनिवार रात से बारिश जारी है। शहर में भी रात 1 से बजे झमाझम बारिश जारी है। जलस्तर बढ़ने पर तवा डैम के 5 गेट खोलने पड़े। नर्मदापुरम में सेठानी घाट पर नर्मदा का जलस्तर 949 फीट से ज्यादा हो गया है। बरगी के 17 गेट खोले गए।

तवा डैम के गेट खोले
नर्मदापुरम में तवा के कैचमेंट एरिया पचमढ़ी और बैतूल में बारिश के चलते तवा डैम के गेट खोलने पड़े। शनिवार रात 11 बजे से डैम के 3 गेट 3 फीट तक खोले गए थे, जिनकी संख्या बढ़ाकर अब 5 कर दी गई है। सभी पांच गेटों को 7-7 फीट तक खोला गया है। डैम के गेटों से 57,500 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। वर्तमान में डैम का जलस्तर 1162.10 फीट है। इसके साथ ही बरगी डैम के 11 गेट आधा मीटर तक खुले हैं, जिससे 15,736 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

भोजपुर में नदी में फंसे 7 लोग, मछली पकड़ते समय अचानक आई बाढ़
भोपाल के करीब भोजपुर में नदी में आई अचानक बाढ़ में 7 लोग फंस गए। एसपी रायसेन विकास कुमार सहवाल ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 3 बजे भोजपुर में नदी के कर्रा घाट पर पत्थर की चट्‌टान पर बैठकर सात लोग मछली पकड़ रहे थे। इसी बीच अचानक बाढ़ आ गई। जिसमें सातों लोग फंस गए। करीब डेढ़ घंटे बाद सातों को सकुशल नदी से निकाल लिया गया।

About Author