May 18, 2024

कमलनाथ ने दिया उमा भारती को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने का न्योता

भोपाल। मध्य प्रदेश की पूर्व सीएम उमा भारती ने कहा है कि प्रदेश में सामाजिक न्याय की आवश्यकता है। भाजपा नेत्री के इस बयान पर कांग्रेस ने भी सहमति जताई है। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा कि उमा भारती सही कह रही हैं। कांग्रेस नेता ने उमा भारती को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने का न्योता भी दिया है।

शनिवार को राजधानी भोपाल स्थित कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा कि, ‘उमा भारती सच कह रही हैं। मध्य प्रदेश में आज सामाजिक न्याय की बहुत बड़ी आवश्यकता है, हमारे प्रदेश में कई जातियाँ और समाज हैं। भाजपा को कई लोग चुनौती दे रहे हैं, चुनाव तक आप देखते जाइए कितने लोग चुनौती देंगे। मैं उमा भारती को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित करता हूं।’

राहुल गांधी की पोशाक को लेकर भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया पर भी कमलनाथ ने पलटवार किया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि, ‘आज भाजपा राहुल गांधी की टीशर्ट देख रही है, आगे उनके जूतों पर आ जाएगी लेकिन राहुल गांधी के साथ जो जनता का हुजूम चल रहा, भाजपा उस पर बात नहीं करना चाहती है।’

बता दें, कि उमा भारती ने प्रीतम लोधी मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कल कहा था कि, ‘मैं शुरू से ही शिवराज जी को कह रही हूँ कि क्षेत्रीय और जातीय संतुलन बिगड़ा हुआ है। मंत्रीमंडल विस्तार के दौरान भी मैंने उनसे यही कहा था लेकिन उन्होंने जो जवाब दिया वो बताया नहीं जा सकता।’

About Author