May 18, 2024

भारत जोड़ो यात्रा का पांचवां दिन, केरल के लोगों का उत्साह देखने लायक

नई दिल्ली- कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का आज पांचवां दिन है। केरल के तिरुवनंतपुरम के परस्सला में आज सुबह 7 बजे सबसे पहले ‘भारत यात्रियों’ के कैंप में तिरंगे को सलामी दी गई। इसके बाद राहुल गांधी समेत अन्य ‘भारत यात्रियों’ ने पदयात्रा की शुरुआत की। पदयात्रा में आज भी हजारों की संख्या में लोग शामिल हैं। इस ऐतिहासिक यात्रा को लेकर स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

केरल में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के पहुंचने पर ‘भारत यात्रियों’ का लोगों ने जोरदार स्वागत किया। एक वीडियो में स्थानीय लोग ढोल की थाप पर नाचते-गाते नजर आए। पदयात्रा को लेकर लोगों में गजब का उत्साह नजर आ रहा है। यात्रा के दौरान अलग-अलग समुहों और तबकों के लोग राहुल गांधी से मिल रहे हैं। उनका स्वागत कर रहे हैं।

पदयात्रा को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह इस यात्रा के सार्थकता का संदेश दे रहा है। भारत यात्रियों का हौसला बढ़ाने के लिए स्थानीय लोग सुबह सुबह अपने घरों की छत, दुकानों के बाहर, चौक में इकट्ठा दिखे। केरल की सड़कें कांग्रेस जिंदाबाद, राहुल गांधी जिंदाबाद के नारों से गूंज उठी।

क्या बच्चे, क्या बूढ़े, क्या युवा, सभी में राहुल गांधी से मुलाकात को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। पदयात्रा के दौरान एक जगह एक बच्ची राहुल गांधी को तिलक लगाते नजर आई। राहुल गांधी ने बच्ची से तिलक लगवाया उसके बाद वह आगे बढ़े। सड़कों पर राहुल गांधी का स्वागत करने और उनसे मिलने के लिए जनसैलाब उमड़ रहा है। राहुल भी सभी लोगों से आत्मीयता के साथ मिल रहे हैं और उनकी समस्यांए भी सुन रहे हैं।

About Author