May 1, 2024

शिवपुरी में दहाड़े कमलनाथ, शिवराज सिंह ने प्रदेश को घोटाला प्रदेश बना दिया है

भोपाल- मध्यप्रदेश में रोज नए घोटाले निकलकर सामने आते हैं, व्यापमं, सिंहस्थ, भर्ती घोटाला जैसे घोटाले प्रदेश में हुये लेकिन अब पेपर लीक घोटाला, स्कूलों की छत तो लीक होने का सुना था बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि अब शिवराजसिंह के राज में परीक्षाओं के पेपर भी लीक हो रहे हैं, आज हमारे प्रदेश का यह हाल है। शिवराज सिंह चौहान प्रदेश के 190 महीने से मुख्यमंत्री हैं, 215 महीनों से भाजपा की सरकार है, और जब जनता हिसाब मांगती है तो शिवराज सिंह विकास यात्रा निकालते हैं। शिवराज जी, समझ लें, यह विकास यात्रा नहीं यह भाजपा की निकास यात्रा है। अधिकारियों, प्रशासन और शासकीय धन के बल पर जो विकास यात्रा निकाली जा रही है, मैं शिवराज जी को चुनौती देता हूं, आ जाइए मंच पर मैं साढ़े 11 महीने का हिसाब देता हूं, आप 190 महीने का हिसाब जनता को दीजिए। शिवराज जी ने मध्यप्रदेश की पहचान भ्रष्टाचार से बनाकर रख दी है, भ्रष्टाचार प्रदेश, घोटाला प्रदेश बनाकर रख दिया मप्र को, मैं तो आप सब से कहता हूं कि जब तक आप इनके नेताओं को बेरोजगार नहीं बनाएंगे प्रदेश में बेरोजगारी दूर नहीं होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज शिवपुरी के पोहरी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये यह बात कही.

नाथ ने कहा कि आज शिवपुरी की जनता ने कांग्रेस का सम्मान किया और मुझे बल एवं शक्ति दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस की सरकार बनाई थी हर चुनाव प्रजातंत्र का उत्सव होता है। आज यहां आप लोग बैठे हुए हैं, उनमें से कितनी जातियों के लोग, कितने धर्म के लोग यहां मौजूद हैं। कांग्रेस की संस्कृति देश और समाज को जोड़ने की संस्कृति है, यही भारत की संस्कृति है। जहां सभी समाजों के सभी धर्मों के सभी जातियों के लोग आपस में मिलजुकर एक झंडे के नीचे खड़े है, यही देश की हजारों सालों की संस्कृति रही है।

नाथ ने कहा कि अभी मैं सुन रहा था कि कांग्रेस सरकार में जो डैम हमने स्वीकृत कराया था, उसका निर्माण आज भी अधूरा है। बिजली की समस्या, पानी की समस्या और बेरोजगारी की समस्या यह सब सुनकर मुझे बड़ा दुख होता है कि कैसे शिवपुरी जिला विकास की दौड़ में आज पिछड़ गया है। आज जो धर्म और जातियों के आधार पर लोगों को बांटने का प्रयास किया जा रहा है, क्या हम ऐसा प्रदेश अपने आने वाली पीढ़ियों को सौंपना चाहते हैं? बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा बनाये गये अनेकता और विभिन्नताओं वाले देश के संविधान को कमजोर किया जा रहा है। आज हमें उसी संविधान की रक्षा करना है।

नाथ ने कहा कि 15 साल बाद जब कांग्रेस की सरकार बनी तक शिवराज सिंह जी ने ऐसा प्रदेश हमें सौंपा था जो किसानों की आत्महत्या, बेरोजगारी, महिला अत्याचार, कुपोषण सहित अन्य मामलों में देश में शीर्ष पर था। हमने प्रदेश की एक नई पहचान बनाने की शुरूआत की। मैं मुख्यमंत्री था मैं भी सौदा कर सकता था, परंतु मैंने तय किया कि मैं सौदेबाजी की राजनीति नहीं करूंगा, मेरी सोच थी, मध्य प्रदेश की पहचान सौदेबाजी की राजनीति से नहीं होने दूंगा।

नाथ ने कहा कि 15 साल बाद कांग्रेस की सरकार बनी थी। साढ़े ग्यारह महीने की कांग्रेस सरकार में हमने अपनी नीति और नियत का परिचय दिया, कृषि क्षेत्र में नई क्रांति आये हमनें पहली किस्त में ही शिवपुरी के 52000 किसानों का कर्जा माफ किया। प्रदेश के 27 लाख किसानों का कर्जा माफ किया था, आखिर कौन सा गुनाह हमने किया था। हमने तय किया था, 100 रू. में 100 यूनिट बिजली देंगे, गौशाला बनाएंगे, 1000 गौशाला 11 महीने में बनाई, भू-माफिया, माफियाराज खत्म करने, शुद्ध के लिए युद्ध अभियान चलाया, यह तो सिर्फ एक शुरुआत थी। लेकिन शिवराज सिंह ने जनादेश और प्रजातंत्र पर हमला कर कुछ बिकाउ नेताओं से मिलीभगत कर पीछे के दरवाजे से सरकार बना ली और अपने राजनैतिक स्वार्थ के लिए प्रदेश को फिर जंगलराज की ओर धकेल दिया।

नाथ ने कहा कि आज प्रदेश में लाखों की संख्या में युवा बेरोजगार हैं, किसान खाद बीज के लिए भटक रहा है। शिवराज जी हर साल घोषणाएं करेंगे, कि एक लाख रोजगार देंगे मैं तो कहता हूं पहले शासन के रिक्त पद भर दीजिए, बाद में रोजगार की बात कीजिएगा, उनसे तो झूठ बोले बिना रहा नहीं जाता, स्वयं कहते हैं मैं घोषणा मशीन हूं। शिवराज जी आप घोषणा मशीन ही नहीं, बल्कि झूठ बोलने की मशीन भी है, कलाकारी की मशीन भी है।

नाथ ने प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी जी से पूछो कि नौजवानों को रोजगार कब मिलेगा, कहते हैं कांग्रेस ने 70 सालों में क्या किया। उन्होंने कहा मैं बताता हूं कांग्रेस ने 70 सालों में क्या किया, मोदी जी अगर आप स्कूल गए हैं तो वह स्कूल कांग्रेस ने ही बनाया था और शिवराज जी भी जिस स्कूल-कॉलेज में गए हैं वह भी कांग्रेस ने ही बनाया है।

नाथ ने कहा कि 7 महीने बाद चुनाव है अब आप सब को तय करना है प्रदेश की वर्तमान तस्वीर को सामने रखकर सच्चाई का साथ अवश्य देना, जब आप सच्चाई का साथ देंगे तभी नौजवानों का भविष्य सुरक्षित रहेगा तभी हम भ्रष्टाचार से मुकाबला कर पाएंगे। कांग्रेस की सरकार बनी तो सबसे ज्यादा प्राथमिकता नौजवानों को अपना भविष्य बनाने के लिए मिलेगी, क्योंकि यही नौजवान हमारे प्रदेश का भविष्य है। यदि आप सबने अपनी कमर कस ली तो शिवपुरी जिले का झंडा मध्यप्रदेश की विधानसभा में लहराएगा।

नाथ ने कैलाश सिंह कुशवाहा का स्वागत करते हुए उन्हें समाजसेवी बताया। जनसभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के.पी.सिंह, रामनिवास रावत, लाखन सिंह यादव, प्रागीलाल जाटव, रश्मि पवार सहित अन्य कांग्रेसजन एवं बड़ी संख्या में जनसैलाव उपस्थित था।

About Author