May 1, 2024

महिलाओं की तुलना शूर्पनखा से करना अशोभनीय, अनुचित, शर्मनाक और दूषित मानसिकता – विभा पटेल

के नेतृत्व में किया प्रदर्शन

भोपाल – मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर विभा पटेल ने कहा कि अपने आप को मध्यप्रदेश में लाड़ली किशोरियों का मामा और लाड़ली बहनों का भाई कहने वाले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सरकार के राज में भाजपा नेता और पूर्व मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने महिलाओं का अपमान किया है। अगर उनमें तनिक भी शर्म है तो वह माफी मांगें। श्रीमती पटेल ने आज महिला कांग्रेस के प्रदर्शन में यह बात कही। श्रीमती पटेल के नेतृत्व में महिला कांग्रेस की नेत्रियों ने हाथों में बेशरम की टहनियां लेकर भोपाल में भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बंगले पर प्रदर्शन किया। इसमें महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुईं।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं विभा पटेल ने कहा कि विजयवर्गीय का ये बयान प्रदेश की तमाम लाड़ली लक्ष्मी और लाड़ली बहनों समेत नारी जाति के खिलाफ होकर घोर निंदनीय है। उन्होंने कहा कि विजयवर्गीय द्वारा महिलाओं के पहनावे पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है, उनकी तुलना शूर्पनखा से करना अत्यंत अशोभनीय, अनुचित, शर्मनाक और दूषित मानसिकता का परिचायक है। ऐसे गंभीर विषय पर प्रदेश की लाड़लियों का मामा और खुद को लाड़ली बहनों का भाई बताने वाले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की चुप्पी पर भी श्रीमती पटेल ने हैरानी जताई है।
विभा पटेल ने आरोप लगाते हुए कहा कि शिवराज सिंह चौहान सरकार के 19 वर्ष के कार्यकाल में मध्यप्रदेश महिला अत्याचार, बलात्कार, अपहरण के मामलों में देश में शीर्ष स्थान पर है। प्रदेश में अबोध बालिका से लेकर बुजुर्ग महिला तक सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश की तमाम लाड़ली बहनें वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव और वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखाएंगी।
इस प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की प्रदेश महामंत्री फरजाना खान, राजलक्ष्मी नायक, जिला अध्यक्ष संतोष कसाना, प्रदेश प्रवक्ता अपराजिता पांडे, यशोदा पांडे, लता देवरे, महक राणा, नंदिनी सिंह, संजू जैन समेत अन्य महिला कांग्रेस की पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

About Author