May 1, 2024

सागर में महिलाओं की चेतावनी-पानी नहीं तो वोट नहीं

पानी के बर्तन लेकर देवरी जनपद पहुंची महिलाएं, बोलीं-गांव में जलसंकट

सागर – गर्मी का मौसम शुरू होने के साथ ही सागर जिले में जलसंकट की गूंज सुनाई देने लगी है। शुक्रवार को जिले की देवरी जनपद के ग्राम सिलारी की महिलाएं और पुरुष पानी के बर्तन लेकर जनपद कार्यालय देवरी पहुंच गए। जहां उन्होंने गांव में पानी की किल्लत को लेकर कलेक्टर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। साथ ही ग्रामीणों ने दो-टूक शब्दों में कहा कि यदि गांव में पानी की समस्या दूर नहीं की गई तो इस बार लोकसभा चुनाव में वोट नहीं करेंगे। इस दौरान उन्होंने पानी नहीं तो वोट नहीं के नारे लगाए।
महिलाओं ने बताया कि ग्राम सिलारी में वर्षों से पानी की किल्लत है। बारिश के चार महीने तो गांव में पानी रहता है। लेकिन गर्मी का मौसम शुरू होते ही कुएं सूख जाते हैं। जिस कारण गांव में जलसंकट की स्थिति बनती हैं। गांव की महिलाएं 3 से 4 किमी दूर खेत में बने कुएं से पानी लाने के लिए मजबूर हैं। शासन-प्रशासन से कई बार समस्या के समाधान को लेकर मांग कर चुके हैं। लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ है।

शादी के बाद से ही पानी ढोने का काम कर रही

ग्राम की महिला ने कहा कि करीब 15 साल पहले शादी हुई थी। जिसके बाद से सिलारी में रहकर पानी ढोने का काम कर रही हूं। क्योंकि गांव में पानी की किल्लत है। घर में बच्चे परेशान होते हैं। रात में सो नहीं पाते। गांव के बाहर खेत में बने कुएं से करीब 3 से 4 किमी पैदल चलकर पानी लाना पड़ रहा है। सरकारें घर-घर जल पहुंचाने की बात कर नहीं हैं। लेकिन हमारे गांव में हर व्यक्ति की पानी की समस्या से परेशान है। इस बार गांव में पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो लोकसभा चुनाव में मतदान नहीं करेंगे।

About Author