मध्य प्रदेश कांग्रेस ने विधानसभा उपचुनाव के ठीक पांच दिन पहले प्रदेश की शिवराज सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी ने पिछले सात महीने में बीजेपी सरकार द्वारा किए गए कथित घोटालों की लिस्ट जारी की है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि प्रदेश की शिवराज सरकार ने पिछले सात महीनों में सत्रह घोटाले किए हैं। कांग्रेस के इन आरोपों से सियासी गलियारे में हड़कंप मच गया है।
शिवराज सरकार पर ये बड़ा हमला कांग्रेस नेता अजय सिंह राहुल, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव और विधायक सज्जन सिंह वर्मा ने बुधवार को राजधानी भोपाल के कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके किया। इस दौरान उन्होंने शिवराज सरकार के खिलाफ बाकायदा एक आरोप पत्र जारी किया। कांग्रेस द्वारा जारी आरोप पत्र में बीजेपी सरकार के पिछले 15 वर्षों और बीते सात महीनों के कार्यकाल में हुई गड़बड़ियों और घोटालों का विवरण दिया गया है।
कांग्रेस के आरोप पत्र के मुताबिक शिवराज सरकार ने पिछले सात महीनों के दौरान आटा चोरी घोटाला, त्रिकुट चूर्ण घोटाला, शराब एमआरपी घोटाला, तबादला उद्योग घोटाला, अन्य प्रदेशों के गरीबों का चोरी का खाद्यान्न शासकीय खरीदी में लेने का घोटाला, फर्जी बिजली बिल घोटाला, पीपीई किट घोटाला, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि घोटाला, चावल घोटाला, किसानों की सब्सिडी हड़पने का घोटाला, प्रधानमंत्री कृषि विकास योजना घोटाला, बायो-फर्टिलाइजर घोटाला और प्रवासी मजदूर खाना घोटाला समेत कई बड़े घोटालों को अंजाम दिया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि, ’15 साल के अपने कार्यकाल में सीएम शिवराज घोटालों और भ्रष्टाचार के पर्याय बन गए थे, इसीलिए जनता ने 2018 में उन्हें घर बैठाया था, लेकिन खरीद-फरोख्त करके शिवराज एक बार फिर सीएम बन गए। बीते सात महीने के कार्यकाल में भी वह अपनी आदत के अनुसार ‘आपदा में अवसर’ ढूंढ लिए और नए-नए घोटाले कर फिर कीर्तिमान बना लिया। यह कूट रचित सरकार है लेकिन जनता को बिकाऊ नहीं बल्कि टिकाऊ नेता पसंद हैं।’
बता दें कि इसके पहले कांग्रेस ने 2018 विधानसभा चुनाव के दौरान भी आरोप पत्र जारी किया था, जिसमें 54 घोटालों का जिक्र था। माना जाता है कि कांग्रेस की जीत में पार्टी का इस आरोप पत्र का अहम योगदान था। इन घोटालों में मुख्य रूप से डंपर घोटाला, व्यापम कांड, होशंगाबाद रेत घोटाला, गृह निर्माण समिति घोटाला, सिंहस्थ घोटाला, नर्मदा परिक्रमा घोटाला, प्लांटेशन घोटाला, प्याज घोटाला, बुंदेलखंड पैकेज घोटाला, उद्यानिकी घोटाला, घटिया चावल सप्लाई घोटाला, खासगी होलकर ट्रस्ट घोटाला, बिजली खरीद घोटाला और ट्रांसफर पोस्टिंग घोटाला शामिल थे। इसी तर्ज पर कांग्रेस ने इस बार 17 नए घोटालों के साथ आरोप पत्र जारी किया है।
More Stories
Aaj bhi sadme me harda blast ke pidit
Yuva Congress ne CM ka putla Dahan kiya
Harda hadse par digvijaye ka CM ko patr